शीना बोरा हत्याकांड की मुख्य आरोपी इंद्राणी मुखर्जी और दूसरे पति संजीव खन्ना की दूसरी बेटी विधि सामने आ गई है। विधि ने मीडिया को दिए साक्षात्कार में जो बातें कहीं है उससे रिश्तों का जाल और हत्या की गुत्थी और उलझती नजर आ रही है।
इंडिया टुडे के अनुसार, मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए पहली बार विधि सामने आई है। अपनी सौतेली बहन शीना की हत्या के बारे में उसने कहा है कि पिता संजीव और मां इंद्राणी पर हत्या के आरोप लगने से हैरान है। उसने कहा कि उसे अभी तक यही बताया गया था कि वह अमेरिकी शहर लॉस एंजेल्स में पढ़ाई कर रही है।
शीना से अपने रिश्तों के बारे में उसने कहा है कि उसकी मां इंद्राणी ने शीना का परिचय उसकी मौसी के रूप में कराया था। उसने बताया वह इंद्राणी के माता-पिता को नाना-नानी कहती थी जबकि शीना उन्हें मम्मी-पापा कहती थी। उसने कहा वह शीना से दो तीन बार मिल चुकी है, वह उसके लिए बहुत अच्छी थी।