अमेरिका में एक 31 वर्षीय युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर फेसबुक पर शव की दहलाने वाली तस्वीर डालकर जुर्म कबूल कर लिया। उसने बाद में पुलिस के पास जाकर सरेंडर कर दिया।
मियामी के रहने वाले डेरेके मेदिना के फेसबुक अकाउंट पर डाले गए पोस्ट में उसने अपनी 26 वर्षीय पत्नी जेनिफर अलफांसो की हत्या की बात स्वीकार की है।
मेदिना ने अपनी पत्नी की जो तस्वीर फेसबुक पर डाली है, उसमें वह रसोईघर में पड़ी हुई है और उसके बाजू तथा चेहरे पर खून लगा है।
फेसबुक पर तस्वीर के साथ उसने लिखा रिप जेनिफर अलफांसो। उसने लिखा है, 'मैं अपनी पत्नी की हत्या के लिए जेल जाऊंगा या मौत की सजा पाऊंगा। फेसबुक के सभी दोस्तों को प्यार। मुझे आप सभी की याद आएगी और आप मुझे खबरों में देखेंगे। मेरी पत्नी मेरी पिटाई करती थी और मैं इसे और बर्दाश्त नहीं कर सकता था। इसलिए मैंने यह किया। उम्मीद है कि आप इसे समझेंगे।'
पुलिस ने बताया, मेदिना ने इसके बाद खुद कैमरे के सामने कहा कि उसने एक घरेलू विवाद के दौरान जेनिफर को गोली मारी। पुलिस अधिकारी इसके बाद दक्षिणी मियामी स्थित उसके घर गए और वहां से महिला का शव तथा एक दस वर्षीय बच्ची को बरामद किया जो सुरक्षित थी।
मेदिना पेशे से एक अभिनेता है और उसने परेशानियों से घिरे लोगों की खुद से मदद करने में सहायता करने के लिए कई पुस्तकें भी लिखी हैं जिनमें हाउ आई सेव्ड समवन्स लाइफ और मैरेज एंड फैमिली प्रॉब्लम्स थ्रो कम्युनिकेशंस आदि शामिल हैं।
मेदिना के पिता डेरेक मेदिना ने बताया कि उनका बेटा उनके पास आया था और अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल की थी क्योंकि उसकी पत्नी कथित रूप से उसे चाकू दिखाकर धमका रही थी। उसके पिता उसे पुलिस स्टेशन ले गए और वहां उसने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया।