मणिपुर के इंफाल ईस्ट जिले के कीरो मकतिंग गांव में एक सरकारी प्राइमरी मदरसे के हेडमास्टर का शव मिलने से तनाव फैल गया है। गांववालों का कहना है कि शिक्षक को गाय चोरी के आरोप में मारा गया है। हालांकि पुलिस इससे इनकार कर रही है।
पुलिस के अनुसार 55 वर्षीय मोहम्मद हसमद अली का शव सोमवार को उनके घर से पांच किलोमीटर दूर मिला। उनके शरीर पर खरोंचों के निशान थे।
अली के घरवालों के मुताबिक वह रविवार रात करीब आठ बजे खाना खाने के बाद पान लेने के लिए बाहर निकले थे। इसके बाद वह घर नहीं लौटे।
परिवार ने गाय चोरी की घटना को सिरे से नकार दिया है, जबकि सूत्रों का कहना है कि दूसरे गांव के लोगों ने अली को गाय चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया था।
तनाव को देखते हुए पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है। इस बीच दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने पुलिस थाने पर पथराव किया है।