राष्ट्रीय स्तर की एक कुश्ती खिलाड़ी के साथ पहले सामुहिक बलात्कार होता है फिर फेसबुक पर उसकी फोटो अपलोड करने के बाद कमेंट भी कर दिए जाते है।
मामला यूपी के मेरठ का है। महिला खिलाड़ी ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते हुए एसएसपी आफिस पहुंचकर शिकायत की है।
दरअसल, गैंगरेप की शिकार हुई राष्ट्रीय महिला खिलाड़ी को आरोपी के साथ ही पुलिस भी उत्पीड़न कर रही है।
फेसबुक पर आरोपी ने पीड़ित लड़की की फोटो सहित अश्लील टिप्पणी डाल दी, जिस कारण वह घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर पा रही है।
फेसबुक पर डाली फोटो सहित अश्लील टिप्पणी
कुश्ती की नेशनल महिला खिलाड़ी भी बिजनौर की रहने वाली है, जिस कारण स्कूल टाइम से ही आरोपी पुष्पेंद्र से उसकी जान पहचान थी।
तीन साल पूर्व से पुष्पेंद्र उसके साथ लिव इन रिलेशनशिप में भावनपुर क्षेत्र की किला रोड स्थित कालोनी में रहा। बाद में जब शादी के लिए कहा तो पुष्पेंद्र धोखेबाजी पर उतर आया।
आरोपी और उसके सहयोगियों ने पीड़िता को कचहरी से अगवा कर ले जाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने केस तक दर्ज नहीं किया।
मंगलवार को पीड़िता ने एसपी देहात से शिकायत की। उसने बताया कि बिजनौर निवासी पुष्पेंद्र, उसके पिता महावीर, भाई और बहनोई के खिलाफ 17 जून को भावनपुर थाने में गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस मांगती है दबिश के लिए खर्च
पूर्व में आरोपी पुष्पेंद्र द्वारा फेसबुक पर की गई अश्लील टिप्पणी का रिकार्ड भी विवेचक को दिया, मगर पुलिस ने उसे साक्ष्य में शामिल नहीं किया। 25 जून को जब वह कचहरी में आई थी तो पुष्पेंद्र तथा उसके साथियों ने खींचकर बोलेरो में डालकर ले जाने की कोशिश की।
इसकी सूचना उसी दिन पुलिस कंट्रोल रूम को दी और फैंटम सिपाही मौके पर भी पहुंचे थे। सिविल लाइन थाने में तहरीर दी, मगर आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
एसपी देहात कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओ भावनपुर को निर्देश दिया है।