गुड़गांव के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती ने पंजाब के एक उद्यमी पर निजी एयरलाइंस कंपनी में नौकरी दिलाने के नाम पर रेप करने का आरोप लगाया है।
उसका आरोप है कि एयरलाइंस कंपनी के मालिक से मिलाने के बहाने आरोपी ने उसके साथ कई बार रेप किया। इस संबंध में सोमवार की रात दी गई शिकायत पर पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है।
इसके बाद उसका बयान मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराया गया। फिर जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला दिल्ली लिपुस को सौंप दिया गया है।
शिकायत के अनुसार, पीड़िता ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले वह फेसबुक पर अमृतसर के रहने वाले उद्यमी रोहित हांडा के संपर्क में आई थी। रोहित से उसकी पहली मुलाकात अप्रैल, 2012 में दिल्ली के नेहरू प्लेस में हुई।
उसने एक निजी एयरलाइंस कंपनी में उसे केबिन क्रू मैनेजर की नौकरी दिलाने की बात कही। वह दो दिन उसे दिल्ली में घुमाता रहा। एयरलाइंस के मालिक से मुलाकात कराने के बहाने वह उसे नेहरू प्लेस के एक नामी होटल में ले गया।
आरोपी ने होटल के कमरे में नशीला पदार्थ पिलाकर उससे दुष्कर्म किया। सुबह जब युवती को होश आया तो उसने इसकी शिकायत करने की बात कही। इस पर आरोपी ने उससे माफी मांग ली। लेकिन उसके बाद से वह उसे परेशान करने लगा।
ईमेल से की शिकायत
पीड़िता ने सोमवार की रात करीब बारह बजे पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल को ईमेल से शिकायत की। कमिश्नर ने रात में ही महिला पुलिस अधिकारियों की टीम को कानूनी विशेषज्ञों के साथ उसके घर भेजकर मामले की छानबीन कराई। इसके बाद सुबह उनके आदेश पर जीरो एफआईआर दर्ज की गई।