उधारी की रकम नहीं चुकाने पर दबंगों ने युवक को पीट दिया, मां बचाने आई तो उसे अपने साथ ले गए। मां की बेइज्जती से आहत पुत्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। इससे परिवारीजनों में कोहराम मच गया। आरोपी युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश कर रही है।
मामला उत्तर प्रदेश के फीरोजाबाद जिले का है। थाना सिरसागंज के मियां बाजार निवासी शकील (22) पुत्र ऐदल उर्फ पप्पू आगरा में मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण कर रहा था। ईद के बाद वह रामगढ़ स्थित अपनी ससुराल आकर रहने लगा।
इस बीच उस पर ससुराल के पास रहने वाले ड्राइवर नाम के युवक के 15 हजार रुपये उधार हो गए थे। ड्राइवर उससे रुपये लौटाने के लिए दबाव बना रहा था। इसकी जानकारी शकील की मां रुखसाना को हुई तो वह उसे लेने के लिए रामगढ़ आई हुई थीं।