सुशांत लोक क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात नग्न अवस्था में सड़क किनारे मिली युवती ने अपने साथ गैंगरेप की घटना से इनकार किया है। यहां तक कि वह मेडिकल कराने से भी मुकर गई।
इससे पहले उसने पुलिस में अज्ञात युवकों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कराया था। पुलिस द्वारा शुक्रवार को मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने पर वह तमाम बातों से मुकर गई।
उल्लेखनीय है कि सुशांत लोक थाना पुलिस ने सेक्टर 37 की रहने वाली इस 22 वर्षीया युवती के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज किया था।
लेकिन रात में जब पुलिस उसे मेडिकल परीक्षण कराने सिविल अस्पताल ले गई तो उसने लिखकर दे दिया कि उसे मेडिकल परीक्षण नहीं कराना है। इसके साथ ही उसने घटना के समय शराब के नशे में होने की बात कबूल की है।
इसके बाद शुक्रवार दोपहर जब सुशांत लोक थाना पुलिस उसका बयान कलमबंद कराने ड्यूटी मजिस्ट्रेट के सामने ले गई, तो उसने अपने साथ गैंगरेप जैसी किसी तरह की घटना से इनकार कर दिया।
पुलिस आयुक्त आलोक मित्तल ने कहा कि इसके बावजूद छानबीन की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं युवती किसी के दबाव में आकर तो बयान नहीं बदल रही है।
गौरतलब है कि बृहस्पतिवार रात करीब नौ बजे आर्टिमिस अस्पताल के पास एक कार से नग्न अवस्था में किसी ने युवती को सड़क किनारे फेंक दिया था।