अमरोहा के कोतवाली डिडौली क्षेत्र के एक गांव में जानवरों के लिए चारा डालने के लिए गई युवती का तीन लोगों ने अपहरण कर लिया और जंगल में ले जाकर उसके साथ गैंगरेप किया। बाद में आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
युवती ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती सुनाई तो वे सन्न रह गए। पुलिस ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
डिडौली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने बताया कि मंगलवार रात लगभग 10 बजे वह घेर में जानवरों के लिए चारा उठाने गई। वहां पहले से ही घात लगाए गए बैठे तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। उसे उठाकर जंगल में ले गए।
डर के मारे घर में दुबके रहे परिजन
लड़की ने शोर मचाने की कोशिश की तो उन लोगों ने तमंचा दिखा दिया और जान से मारने की धमकी देने के साथ ही तीनों ने उसके साथ दुराचार किया। पीड़िता ने बुधवार की सुबह परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर मामले की तहरीर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
युवती दूसरे संप्रदाय की है। घटना के बाद पीड़ित युवती का परिवार इतना दहशत में आ गया कि उसकी रात में कोतवाली तक पहुंचने की हिम्मत नहीं हुई। युवती और उसके परिजन डर से पूरी रात घर में दुबके रहे। सुबह होने पर कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी।
इंस्पेक्टर कोतवाली डिडौली, राजेश चौहान ने बताया कि गैंगरेप का मामला दो संप्रदायों से जुड़ा होने के कारण पुलिस बवाल होने की आशंका में तुरंत हरकत में आ गई।
मामले की जानकारी करने के साथ ही पुलिस ने मामले की तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर ली और आरोपियों की तलाश में भी कई स्थानों पर दबिश दी।
चंदौसी: छेड़छाड़ के बाद खौफनाक कांड
चंदौसी के थाना बनियाठेर में बुधवार को छेड़छाड़ का विरोध करने पर एक युवक ने युवती पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना नरौली-फरीदपुर मार्ग पर सुबह करीब साढे़ नौ बजे खेत में हुई है।
युवती को गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद चंदौसी के सरकारी अस्पताल से मुरादाबाद रेफर किया गया है। पिता की ओर से पुलिस ने छेड़छाड़ और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना बनियाठेर क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती (18 वर्ष) ईख छीलने के लिए बुधवार की सुबह खेत गई थी। फरीदपुर रोड स्थित एक खेत में मोहल्ले की लड़कियों के साथ ईख छील रही थी। गांव के ही निवासी पिंटू (20 वर्ष) पुत्र राजेंद्र भी ईख छील रहा था।
विरोध किया तो बोल दिया हमला
आरोप है इस दौरान युवक ने युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती ने इसका विरोध किया तो युवक ने अपना आपा खो दिया और धारदार हथियार से युवती पर हमला कर दिया। युवती खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बचाने का प्रयास किया तो युवक उन पर भी हमलावर हो गया। लड़कियां घबराकर किसी तरह मोहल्ले में पहुंची। घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन और मोहल्ले के लोग घटना स्थल पर पहुंचे। युवती को लेकर सरकारी अस्पताल आए। हालत गंभीर होने पर युवती को मुरादाबाद रेफर किया है। बनियाठेर पुलिस घटना की जांच में जुटी है।
पीड़िता ने बताया कि सभी लोग ईख छील रहे थे। इसी दौरान युवक ने छेड़छाड़ शुरू कर दी। विरोध किया तो उसने गड़ासे से हमला कर दिया। यह देखकर खेत पर मौजूद लड़कियों ने युवक को ललकारा। युवक उन पर भी हमलावर हो गया। किसी तरह हम लोग खुद को बचाकर घर की ओर दौड़े। मोहल्ले में आकर घटना की सूचना दी।
पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार सक्सेना ने बताया कि युवती के पिता की ओर छेड़छाड़ और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। युवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।