यूपी में गैंगरेप के मामले थम नहीं रहे हैं। शनिवार को गैंगरेप के तीन मामले सामने आए।
मुजफ्फरनगर में किशोरी को अगवा कर तीन युवकों ने गैंगरेप किया। आरोपियों ने उसकी अश्लील क्लिप बना ली और उसे सार्वजनिक करने की धमकी दी।
बिजनौर में बाइक सवार दंपति से आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाकर लूटपाट की। पति को खाई में फेंककर बदमाशों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया।
मेरठ में एक युवक ने दो दोस्तों के साथ कार में युवती से गैंगरेप किया। आरोपी नौ साल से युवती का शारीरिक शोषण कर रहा है।
प्रेमजाल में फंसाया, और फिर गैंगरेप
मेरठ के नौचंदी थाना क्षेत्र में एक युवक ने दो दोस्तों के साथ मिलकर कार में युवती से गैंगरेप किया। युवती ने शनिवार को एसएसपी दफ्तर पर शिकायती पत्र दिया।
युवती ने बताया कि करीब नौ साल पहले हापुड़ के सिंभावली का युवक अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ उसके घर के सामने किराए पर रहता था। तभी उसने अपने प्रेमजाल में फंसा लिया था। उससे शारीरिक संबंध बनाए और अश्लील क्लिप बनाकर फोटो भी खींच लिए।
20 नवंबर को आरोपी ने उसे फोन करके गाजियाबाद बुलाया। गाजियाबाद से सफेद इंडिका में दिल्ली दून बाईपास पर लाया। यहां कार में ही आरोपी और उसके दो दोस्तों ने उससे गैंगरेप किया। फिर उसे वहीं फेंककर फरार हो गए। किसी तरह वह अपने घर पहुंची।
गैंगरेप और फिर ब्लैकमेलिंग
मुजफ्फरनगर की किशोरी को मोहल्ले का ही युवक उसके पिता और भाई में झगड़ा होने का झांसा देकर दो साथियों के साथ अगवा कर ले गया। तीनों ने उससे गैंगरेप किया।
आरोप है कि इसके बाद आरोपी अश्लील क्लिप और फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर किशोरी को मनमानी करने के लिए अपने पास बुलाने लगे। इससे इंकार करने पर आरोपियों ने किशोरी को तेजाब डालने की धमकी दी।
पीड़ित किशोरी ने शनिवार को परिजनों के साथ एसएसपी से मामले की शिकायत की।
लूटपाट के बाद गैंगरेप
बिजनौर के नहटौर क्षेत्र में बाइक सवार दंपति से आधा दर्जन नकाबपोश बदमाशों ने बंधक बनाकर लूटपाट की। पति को खाई में फेंककर बदमाशों ने महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। राहगीरों ने ही पति को बंधन से आजाद कराया।
बदमाशों के साथ ही पुलिस की भूमिका भी शर्मनाक रही। इस जघन्य वारदात को पुलिस ने महज मारपीट में दर्ज किया। महिला ने चीख-चीखकर घटना बयान की उसके बाद रिपोर्ट दुष्कर्म की धाराओं में लिखी गई।