महिलाओं और किशोरियों की साथ बढ़ रही दरिंदगी की घटनाओं ने पुलिस को फिर शर्मसार किया है। एक बार फिर जिले में दरिंदगी का मामला प्रकाश में आया है।
बुलंदशहर जिले की 12 वीं की छात्रा को स्कूल जाते समय दो दरिंदों ने कार में अगवा किया और मोदीनगर में दो दिन तक बंधक बनाकर गैंगरेप किया। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर पीड़िता घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।
पीड़िता ने एसपी सिटी से शिकायत कर आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है। गुलावठी क्षेत्र निवासी कक्षा 12 की छात्रा शनिवार को परिजनों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची।
उसने बताया कि 30 अक्तूबर को वह घर से कालेज के लिए निकली थी। रास्ते में कार सवार दो लड़कों ने तमंचा दिखाकर उसे अगवा किया और मोदीनगर ले गए।
यहां एक स्थान पर दोनों लड़कों ने दो दिन तक बंधक बनाकर उसकी अस्मत लूटी। किसी तरह वह मौका देख वहां से भाग निकली और घर पहुंचकर परिजनों का आपबीती सुनाई।
उसका यह भी आरोप है कि परिजनों ने पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी थी, पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। आरोपियों की धमकी से घबराकर वह मेरठ निवासी रिश्तेदारों के घर रहने लगी, लेकिन आरोपी अभी भी पीड़ित पक्ष को धमकी दे रहे हैं। पीड़ितों ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पिता की दरिंदगी, बेटी के साथ रेप की कोशिश
गाजियाबाद जिले में शराबी पिता ने शुक्रवार रात बेटी को पकड़ लिया और रेप की कोशिश की। आरोप है कि पिता पिछले तीन दिन से बेटी से छेड़छाड़ कर रहा था और विरोध करने पर मारपीट करता था।
शनिवार सुबह पीड़िता ने अपनी मां के साथ थाने में पहुंचकर तहरीर दी है। पुलिस जांच कर रही है।
क्षेत्र के गांव निवासी महिला के मुताबिक उसका पति शराब पीने का आदी है। इसके चलते महिला अपने दो बच्चों के साथ गाजियाबाद मायके में रह रही है।
दो महीने पहले पति बहाने से 12 साल की बेटी को अपने साथ गांव ले गया। आरोप है कि तीन दिन से पति शराब पीकर बेटी के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। विरोध करने पर वह उसके साथ मारपीट करता था।
शुक्रवार रात शराब के नशे में व्यक्ति ने बेटी को पकड़ लिया और जबरदस्ती कर कपड़े फाड़ दिए। शोर मचाते हुए दादा के पास पहुंची और आपबीती सुनाई।
शनिवार सुबह बेटी ने फोन पर मां को बताया। सूचना पर पहुंची मां बेटी को लेकर थाने पहुंची और तहरीर दी है। एसओ आरपी शर्मा का कहना है कि मामला संदिग्ध लग रहा है। विवाद पति पत्नी के बीच का जुड़ा है। पुलिस जांच कर रही है।