मुजफ्फरनगर में मोहल्ला खालापार में वृद्ध पिता को बंधक बनाकर चार लोगों ने उसकी विवाहिता बेटी के साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने विवाहिता के भाई की ससुराल से चल रहे विवाद का फैसला करने के बहाने से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है।
शहर की कॉलोनी निवासी युवक का निकाह शाहपुर क्षेत्र के गांव निवासी युवती से करीब ढाई साल पूर्व हुआ था। विवाद के चलते कई माह से पति-पत्नी अलग-अलग रह रहे हैं।
बुधवार को युवक की पत्नी के एक रिश्तेदार ने मामले में फैसला कराने के बहाने से युवक और उसके परिजनों को खालापार बुलाया था। युवक के घर पर नहीं होने के कारण शाम के समय उसका पिता अपनी विवाहित बेटी को साथ लेकर बात करने के लिए खालापार गया था।
दूसरे कमरे से सुनता रहा बेटी की चीखें
आरोप है कि खालापार के एक मकान में ले जाकर चार लोगों ने वृद्ध को एक कमरे में बंधक बना लिया और उसकी विवाहित बेटी को दूसरे कमरे में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया।
किसी तरह बंधनमुक्त होकर देर रात पीड़ित पिता-पुत्री घर पहुंचे, जहां से गुरुवार सुबह दोनों शहर कोतवाली पहुंचे और घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई।
इंस्पेक्टर चमनसिंह चावड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खालापार चौकी पुलिस को मामले की जांच कर चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
केस 2- थाने के पीछे तड़पती मिली युवती, सिपाही पर आरोप
बदायूं में उझानी कोतवाली के पीछे एक छात्रा गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। छात्रा घर से ट्यूशन के लिए निकली थी। इस घटना में एक सिपाही की भूमिका पर उंगली उठ रही है। घटना के बाद से सिपाही भी फरार बताया जा रहा है।
हालांकि छात्रा के परिवार वाले इस तरह की बात से इंकार कर रहे हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि छात्रा अक्सर इस सिपाही के कमरे पर आया-जाया करती थी। छात्रा के पास एक छुरी भी पड़ी मिली है। इसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।
उझानी की रहने वाली 18 वर्षीय लड़की कक्षा 12 की छात्रा है। उसके पिता की करीब डेढ़ साल पहले मौत हो चुकी है।
लड़की ने खुद लगाई छलांग या सिपाही ने फेंका?
गुरुवार की शाम पांच बजे छात्रा घर से ट्यूशन के लिए निकली थी। शाम करीब छह बजे वह उझानी कोतवाली से पुरानी अनाज मंडी की ओर जाने वाले रास्ते पर कोतवाली की साइड में घायल पड़ी मिली। लड़की अपनी मां के साथ रहती है।
आसपास के लोगों की मानें तो लड़की का कोतवाली क्वाटर्स में रहने वाले सिपाही के पास आना-जाना था। घटना के वक्त सिपाही अपने क्वाटर में था, लेकिन इसके बाद वह फरार हो गया। चर्चा यह भी है कि किसी बात को लेकर लड़की ने क्वाटर्स की छत से छलांग लगाई है।
हालांकि छात्रा के परिवार वाले इस तरह की घटना से इंकार कर रहे हैं। छात्रा की मां का कहना है कि उसको किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी है।
पुलिस ने सुनाई अलग कहानी
प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक सड़क पर घायल हालत में पड़ी मिली लड़की को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की सूचना पर मां और पड़ोसी अस्पताल गए।
लड़की की हालत गंभीर देखकर बदायूं के डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया। उसे रामपुर गार्डन स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक है। रात में ही लड़की का एमआरआई कराया गया।
एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि उझानी कोतवाली के पीछे किसी छात्रा के घायल पड़ा होने की बात सामने आई है। एक सिपाही का नाम भी इससे जोड़ा जा रहा है। हालांकि छात्रा के परिवार वाले उसकी अज्ञात वाहन ने टक्कर की बात कह रहे हैं। फिर भी सीओ उझानी को मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।