हरियाणा में एक लड़की से उसके प्रेमी द्वारा मंदिर में शादी कर वेश्यावृत्ति के लिए मजबूर करने का मामला प्रकाश में आया है। मामला जींद का है। युवती ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। युवती ने चार युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। युवती फिलहाल गर्भवती है और भिवानी में अपने एक रिश्तेदार के पास रह रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी शिकायत में जींद निवासी युवती ने बताया कि गांव के ही एक युवक के साथ उसका प्रेम प्रसंग था। युवक के भाई को इसका पता लगा तो दोनों की इसी वर्ष 20 फरवरी को शिव मंदिर में शादी करा दी। शादी के बाद कोर्ट में सुरक्षा की एप्लीकेशन लगाकर उन्हें प्रोटेक्शन होम जींद भेज दिया।
एक महीने बाद शादी कराने वाला युवक उसे व उसके पति को कुरुक्षेत्र के एक गांव में अपनी रिश्तेदारी में ले गया। जहां उक्त युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसे अपनी बुआ के घर ले आए।
चार युवकों ने किया गैंगरेप
यहां उसकी बुआ के लड़के ने भी उसके साथ दुष्कर्म किया। जब इस बारे में पति व बुआ को बताया तो उल्टा उसे ही धमकाया गया। इसके बाद उसे कैथल ले गए। वहां भी आरोपी के एक रिश्तेदार ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपियों ने कहा कि शादी के लिए तो उन्हें उनकी जाति में बहुत सी लड़कियां मिल जाएंगी। हमें तो तुझसे वेश्यावृत्ति करानी है।
वह वहां से किसी तरह बचकर भिवानी में अपने रिश्तेदार के पास पहुंची। अब वह ना तो इस हालत में वापस घर जा सकती है और ना ही कोई और ठिकाना है। युवती ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।
वहीं, यूपी के गजरौला में एक युवती के साथ एक युवक छह माह तक यौन शोषण करता रहा। छह माह पहले दिल्ली स्टेशन पर मिली युवती को बहला-फुसलाकर गजरौला का युवक गजरौला ले आया। अपने घर में रखकर उससे छह माह तक बलात्कार करता रहा। शादी नहीं करने और घर से निकालने पर पीड़िता ने आरोपी के खिलाफ थाने में रेप का मुकदमा दर्ज करा दिया है।
बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज
अलीगढ़ निवासी एक युवती ने गजरौला में फाटक के पास रहने वाले एक युवक शम्सुद्दीन के खिलाफ रेप की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक छह माह पूर्व गजरौला में रहने वाले युवक शम्सुद्दीन को दिल्ली रेलवे स्टेशन पर एक युवती मिली।
अकेले घूम रही अलीगढ़ की रहने वाली इस युवती को युवक बहला-फुसलाकर अपने साथ गजरौला ले आया। आरोपी उससे बलात्कार करता रहा। उसने आरोपी के खिलाफ सोमवार को थाने में बलात्कार की रिपोर्ट दर्ज करा दी।
थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी युवक ने युवती को बंद पड़े रेलवे फाटक के पास स्थित एक मोहल्ले में अपने घर में रखा था। आरोपी युवक शादीशुदा है और जिस घर में कथित पीड़िता को रखा, उस घर में आरोपी की पत्नी और बच्चे भी रहते हैं। उधर, थानाध्यक्ष ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है और आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।