पति-पत्नी मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में मोटरसाइकिल पंक्चर हो गई। पति ने पीछे आ रही कार में पत्नी को बैठा दिया और उसे अगले चौराहे पर छोड़ने को कहा। कार में बैठे लोग पति के जानकार थे।
कार चल दी, लेकिन रास्ते में उसमें सवार चार लोगों की नीयत खराब हो गई। तमंचे के बल पर वे लोग महिला को एक सुनसान जगह पर महिला को ले गए और गैंगरेप किया। फिर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ रेप का मामला दर्ज कर लिया है। घटना हरियाणा के पलवल जिले की है।
त्योहार का सामान खरीदने गए थे
शिकायत के अनुसार, महिला 13 अक्टूबर को अपने पति के साथ मोटरसाइकिल पर हथीन से त्यौहार के लिए घर का सामान खरीदने गई थी। देर शाम जब वह अपने पति के साथ घर लौट रही थी तभी गोहपुर गांव के निकट मोटरसाइकिल पंक्चर हो गई।
दोनों पैदल चल दिए। इसी दौरान पीछे से एक कार में सवार चार व्यक्ति आए और उनके पास रुक गए, कार में बैठे लोग महिला के पति के जानकार थे। उसके पति ने महिला को उनके साथ कार में बैठा दिया और उटावड़ चौक पर छोड़ने के लिए कहा।
कार में सवार शाकिर, अयूब, जाकिर और एक अन्य युवक ने कार को सुनसान स्थान पर ले जाकर तमंचे के बल पर महिला से गैंगरेप किया। और फिर महिला को छोड़कर फरार हो गए। महिला ने आपबीती पति को सुनाई।
इस पर वह पत्नी को लेकर हथीन थाने पहुंचा। पुलिस ने मामला दर्ज कर चारों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।