फेसबुक पर असम की युवती से फ्लर्ट कर उससे मिलने गुवाहाटी जाना खुर्जा के शादीशुदा युवक को महंगा पड़ गया। युवती और उसके परिजनों ने शादी का प्रस्ताव रख दिया। यहीं नहीं युवती उसके साथ भागने के लिए रेलवे स्टेशन तक पहुंच गई।
परिजनों ने दोनों को पुलिस की मदद से पकड़वा लिया। हालांकि गलती साबित न होने पर उसे छोड़ दिया गया। पीड़ित युवक का दावा है कि अब प्रेमिका फोन पर युवक को सुसाइड करने और उसके परिजनों को जेल भेजने की धमकी दे रही है।
मामला यूपी के खुर्जा का है। यहां ज्ञानलोक कालोनी निवासी दुष्यंत शर्मा पॉटरी फैक्ट्री में सुपरवाइजर है और शादीशुदा हैं। पिछले तीन माह से दुष्यंत फेसबुक पर पत्नी के सामने असम प्रांत निवासी बीस वर्षीय युवती से फ्लर्ट कर रहे थे।
शादी के लिए धमका रही ‘फेसबुक प्रेमिका’
जब दुष्यंत का कार्यक्रम गुवाहाटी के समीप कामाख्या देवी के दर्शन करने का बना तो उन्होंने खुद के आने की सूचना युवती को दे दी। दुष्यंत ने बताया कि जब वह ट्रेन से उतरा तो युवती और उसके परिजन उसे रिसीव करने रेलवे स्टेशन आए और अपने घर ले गए।
दावा है कि घर पहुंचते ही युवती और उसके परिजनों ने शादी का प्रस्ताव रखा तो उसके पसीने छूट गए। दुष्यंत ने खुद को शादीशुदा बताया। इसके बाद भी युवती शादी करने की जिद पर अड़ी रही। तब युवक भागकर रेलवे स्टेशन पहुंचा तो युवती भी उसके पीछे स्टेशन पहुंच गई।
इस पर पैरेंट्स ने पुलिस की मदद से दोनों को पकड़वा लिया, लेकिन जुर्म साबित न होने पर पुलिस ने उसे छोड़ दिया। दुष्यंत सकुशल खुर्जा लौट आया है, लेकिन प्रेमिका शादी न करने पर सुसाइड करने और परिजनों को जेल भेजने की धमकी दे रही हैं। पीड़ित दंपति ने पुलिस को मामले में तहरीर दी है।
बहन की फेसबुक आईडी पर डाली अश्लील फोटो
वहीं एक अन्य घटना में बहन और भाई जैसे पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाले एक युवक को पुलिस ने एमपी के शहडोल के गोहपारू थाना के मोहतरा गांव से हिरासत में लिया है। युवक ने अपने रिश्ते की बहन की फेसबुक आईडी पर अश्लील फोटो अपलोड कर उसे बदनाम करने का प्रयास किया था। पीडित बहन ने मैहर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
मैहर पुलिस ने शहडोल के गोहपारू थाना अंतर्गत आरोपी के घर में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मैहर पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
गोहपारू पुलिस ने बताया कि मैहर थाना अन्तर्गत सरलानगर कॉलोनी निवासी युवती की फेसबुक आईडी पर 27 नवम्बर 2013 से उसके रिश्ते के भाई ने उसकी (युवती की) अश्लील फोटो बनाकर अपलोड कर दी।
पहले तो युवती ने सोचा कि शायद गलती से फोटो अपलोड हो गई होगी लेकिन इसके बाद अश्लील फोटो अपलोड करने का सिलसिला जारी हो गया। युवती के ऎतराज करने पर आरोपी उसे अश्लील एसएमएस भी भेजने लगा। युवती द्वारा बार-बार विरोध करने के बाद भी आरोपी फेसबुक पर युवती के साथ गाली-गलौज कर उसे बदनाम करने की धमकी देने लगा।