नोएडा के सेक्टर-27 स्थित एक गेस्ट हाउस में बुधवार को फैशन डिजाइनर का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। फैशन डिजाइनर मुंबई से आए दोस्त के साथ यहां ठहरी थी। पुलिस ने फरार दोस्त पर हत्या का शक जताया है।
पुलिस के मुताबिक, महमूद सिद्दकी की बेटी लुबना सिद्दकी (28) नोएडा में सेक्टर-27 के एक पीजी में रह रही थी। लुबना नोएडा की एक एक्सपोर्ट कंपनी में फैशन डिजाइनर थी। दोपहर में उसका शव सेक्टर-27 के ए-17 स्थित एक गेस्ट हाउस के कमरे में मिला।
मौके पर पुलिस पहुंची तो लुबना के मुंह से झाग निकल रहा था। आशंका है कि उसकी मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। पुलिस को जांच में पता चला कि लुबना गेस्ट हाउस में मुंबई के पनवेल निवासी शहनवाज के साथ मंगलवार की शाम साढ़े 6 बजे आई थी।
शहनवाज रात साढ़े 12 बजे गेस्ट हाउस से बाहर निकला था। जब बुधवार को काफी देर तक कमरा नहीं खुला तो गेस्ट हाउस कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस को कमरे से शहनवाज का पेन कार्ड व लुबना का वोटर आईडी बरामद हुआ है।
फेसबुक से चढ़ी दोस्ती परवान
गुड़गांव निवासी लुबना के एक रिश्तेदार ने पुलिस को बताया कि लुबना व शहनवाज की दोस्ती एक साल पहले फेसबुक से हुई थी। फेसबुक पर चैटिंग के दौरान ही दोस्ती परवान चढ़ने लगी। इसके बाद कई बार लुबना व शहनवाज मिले।
लुबना के साथ पीजी में रह रही युवतियों के मुताबिक, शहनवाज की नौकरी हाल ही में छूटी थी। वह इन दिनों काफी परेशान चल रहा था।
खाने में मिलाकर दिया जहर
पुलिस को आशंका है कि मनमुटाव के बाद शहनवाज ने उसे खाने में जहर मिलाकर दे दिया। गेस्ट हाउस कर्मचारियों के मुताबिक, रात 11 बजे के आसपास खाने का ऑर्डर दिया गया था और दस मिनट बाद खाना कमरे में भेजा गया था।
एसपी सिटी योगेश सिंह ने बताया कि शहनवाज की तलाश की जा रही है। आशंका है कि रात को दोनों के बीच अनबन होने के बाद लुबना की हत्या करने के उद्देश्य से उसे जहरीला पदार्थ खिलाकर शहनवाज फरार हो गया। उसके पकड़े जाने के बाद ही सच्चाई का पता चलेगा।