यूपी के पीलीभीत के माधोटांडा के भैरोंकलां में ग्राम प्रधान ने जमीन संबंधी विवाद में अपने पड़ोसी किसान को उसके घर में घुसकर गोलियों से भून डाला। बुधवार शाम को यह घटना हुई, आरोपी प्रधान मौके से फरार हो गया।
दोनों के बीच खेत पर झगड़ा हुआ था और इसके बाद पड़ोसी पुलिस से शिकायत करने की बात कहकर अपने घर पहुंच गया, पीछे से प्रधान उसके यहां पहुंच गया और रिवाल्वर से छह गोलियां उस पर उतार दीं।
शाहगढ़ चौकी (थाना माधोटांडा) क्षेत्र के गांव भैरोंकलां के प्रधान गुरप्रीत सिंह गोपी का पड़ोसी किसान जागीर सिंह से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसको लेकर गांव और थाने में पंचायत भी हुई थी।
बुधवार को गुरप्रीत अपना ट्रैक्टर लेकर कुछ और लोगों के साथ जागीर सिंह के खेत में पहुंचकर कब्जा करने की नीयत से जुताई करने लगा। इस बीच पीलीभीत से ट्रेन से वापस पहुंचे जागीर सिंह ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया, जिस पर दोनों में कहासुनी हो गई।