अगर आप भी अपनी यौन क्षमता बढ़ाने के लिए दवाओं का इस्तेमाल करते हैं तो सावधान हो जाइए। आपके साथ भी धोखा हो सकता है। बाजार में असली के नाम पर आपको नकली दवाएं दी जा रही हैं, जो आपकी जिंदगी को और नीरस बनाने वाली हैं।
इंग्लैंड में नकली वियाग्रा बेचने वाले गैंग का भंडाफोड़ करके पुलिस ने लोगों को फर्जीवाड़े से बचने के लिए आगाह किया है। यह गैंग कम पैसों में यौन क्षमता बढ़ाने वाली दवा वियाग्रा उपलब्ध कराता था।
कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले का पर्दाफाश हुआ। कोर्ट में मामले की सुनवाई के दौरान बताया गया कि यह गैंग पूरी तरह से प्लान करके नकली दवाओं का धंधा चला रहा था। इस गैंग का नेटवर्क दुनिया के कई देशों में फैला है।
दवा में मिलाते थे ये सारी चीजें, जा सकती है जान
डेली मेल के अनुसार, इस गैंग ने जो दवाएं बाजार में उतारीं उनके इस्तेमाल से लोगों की मौत भी हो सकती है। इन्होंने दवाओं में तेजाब, ईंट, धूल और रोड पेंट तक इस्तेमाल किया।
दक्षिणी इंग्लैंड में धंधा चलाने वाले गैंग से सदस्य नील गिलबर्ट (42) ने नकली दवाएं बेच कर हर सप्ताह करीब 54 लाख रुपए (£60,000) से भी ज्यादा कमाए। उसके पास उन दवाओं को बेचने का लाइसेंस भी नहीं था।
गैंग की उत्तरी ब्रांच को थाईलैंड का रहने वाला स्टीफन लैवेरिक चला रहा था, लेकिन उसकी पत्नी कैथरीन पूरे यूके में इस धंधे की अगुवा थी। उन्होंने अपने परिवार के लोगों और दोस्तों को भी इस धंधे से जोड़ रखा था।
कोर्ट को बताया गया कि इस गैंग ने आठ साल तक नकली दवाओं का कारोबार किया और 2004 से 2011 तक लगातार दवाएं सप्लाई कीं। 2011 में गैंग के सदस्यों की गिरफ्तारी हुई।
ऐसे चल रहा था ये काला धंधा
कोर्ट को बताया गया कि यह गैंग ज्वेलरी, मछलियों का बिजनेस और कॉस्मेटिक्स के धंधे की आड़ में नकली दवाएं सप्लाई कीं। ये ऑनलाइन पेमेंट लेते थे। कई देशों में इनके बैंक अकाउंट थे, जिनकी संख्या भी 100 के पार है।
इन सभी अकाउंट में काफी मात्रा में पैसा ट्रांसफर किया गया और यूके समेत तमाम देशों में पैसा निकाला भी गया। इस गैंग ने नकली दवाओं के जरिए करीब 77 करोड़ रुपए (£8,444,896) कमाए।
कोर्ट ने कहा कि मामला दवाएं बेचने के बजाय लोगों की सेहत से जुड़ा है। अदालत ने गिलबर्ट को दोषी करार देते हुए कुल 6 साल जेल की सजा सुनाई, जबकि उसकी पार्टनर क्रिस्टीना को ढाई साल जेल में बिताने पड़ेंगे।
कैथरीन को 3 साल 10 महीने की सजा हुई और उसके बेटे को 14 महीने की सजा सुनाई गई। कैथरीन की बहन को भी 16 माह जेल में बिताने होंगे। इनके अलावा गैंग के दूसरे सदस्यों को भी जेल की सजा हुई है।