बुंदेलखंड के बांदा में तुलसी नगर (बाबा तालाब) मोहल्ले में शनिवार की रात बिजली मैकेनिक भोला के घर पड़ी डकैती में बदमाशों ने घर में किसी को भी शोर मचाने का मौका नहीं दिया।
वृद्ध जगना और दंपति पर अपना जोर चलाने के बाद डकैतों ने रो रहे भोला के एक वर्षीय पुत्र विजय को गर्दन मरोड़कर मरणासन्न कर दिया। इस बीच बगल में सो रहीं भोला की चार मासूम पुत्रियां भी जाग गईं। डकैतों ने उन्हें शोर न मचाने के लिए 5-5 रुपये थमा दिए।
भोला के साथ कमरे में उसकी चार पुत्रियां मीनू (11), रेनू (8), खुशी (5) व लक्ष्मी (3) भी सो रही थीं। डकैतों की मारपीट से वह जाग गईं। पहले मीनू और रेनू की आंख खुली। मीनू ने बताया कि डकैतों की पिटाई से मम्मी-पापा का हल्ला सुनकर वह और उसकी बहन रेनू जाग गई। इस पर एक डकैत ने उन्हें अपनी जेब से 5-5 रुपये निकालकर दिए।