यूपी के अमरोहा में नेशनल हाईवे पर जोया चौकी के सामने शुक्रवार शाम कंटेनर ने एएसपी की सरकारी गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में एएसपी बाल-बाल बच गए, जबकि गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया। कंटेनर को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में लिया गया।
इलाहाबाद से स्थानांतरित होकर आए एएसपी विजय गौतम का शुक्रवार को एसपी कार्यालय में स्वागत किया गया था और एएसपी शकील अहमद का विदाई दी गई थी।
कार्यक्रम की समाप्ति के बाद एएसपी विजय गौतम सरकारी गाड़ी से गजरौला जाने के लिए निकल थे। रात 8.30 जैसे ही उनकी गाड़ी जोया चौकी क्रास करके हाईवे पर गजरौला की तरफ मुड़ी, तभी पीछे मुरादाबाद की ओर से आ रहा कंटेनर एएसपी की गाड़ी में घुस गया।
हादसे में एएसपी विजय गौतम बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। साथ चल रहे गनर और जोया चौकी पुलिस ने एएसपी को गाड़ी से बाहर निकाला।
कंटेनर को कब्जे में लेने के साथ ही मध्यप्रदेश निवासी चालक जाकिर को हिरासत में ले लिया। चालक कंटेनर में मारुति भरकर मुरादाबाद की ओर से दिल्ली की ओर जा रहा था।