कहते हैं प्यार अंधा होता है और अगर किसी को अपना प्यार न मिले तो वो मौत को भी गले लगाने से पीछे नहीं हटता।
ऐसा ही एक मामला सामने आया है सिरसा के डबवाली में। जब युवक और किशोरी का प्यार परवान नहीं चढ़ा तो दोनों ने घर से भागकर नहर में डूबकर अपनी जान दे दी।
मरने के बाद भी एक-दूसरे की हाथ पकड़े इन शवों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि ये दोनों एक-दूसरे से किस कदर प्यार करते थे।
जब राजस्थान कैनाल के सूरेवाला हेड से शवों को निकाला गया तो दोनों की बाजू चुनरी से बंधी हुई थी और हाथों में हाथ थे। दोनों 13 अप्रैल से घर से लापता थे।
परिजनों ने युवक का साथ छोड़ने के लिए चेताया था
इससे एक दिन पहले 14 वर्षीय किशोरी को युवक के साथ किसी ने घूमते हुए देख लिया था। इसके बाद परिजनों के धमकाने पर किशोरी घर से युवक के साथ फरार हो गई थी।
गांव चौटाला निवासी बुधराम वाल्मीकि के 20 वर्षीय बेटे सोनू और गांव की 14 वर्षीय लड़की में प्रेम संबंध थे।
सोनू गांव की हड्डारोड़ी का ठेका लेता था, जबकि किशोरी आठवीं कक्षा की छात्रा थी।
12 अप्रैल को दोनों एक-साथ घूम रहे थे। गांव के एक व्यक्ति ने उन्हें देख लिया। इसकी शिकायत किशोरी के परिजनों को कर दी। परिजनों ने किशोरी को समझाया और चेतावनी दी।
प्रेमी के संग घर से फरार हुई थी किशोरी
अगले दिन 13 अप्रैल को किशोरी की मां लोगों के घर काम करने के लिए गई हुई थी।
मां की गैरहाजिरी में मौका पाकर किशोरी अपने प्रेमी के संग घर से फरार हो गई।
किशोरी की मां की शिकायत पर चौटाला पुलिस ने सोनू के खिलाफ नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के आरोप में मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी।
14 अप्रैल को चौटाला पुलिस को सोनू की बाइक जंडवाला बिश्नोइयां के निकट राजस्थान रकबा में राजस्थान कैनाल की पटरी पर खड़ी मिली।
जानबूझकर अपनी बाइक छोड़ गया था
पुलिस और परिजनों ने माना कि उन्हें गुमराह करने के लिए जानबूझकर अपनी बाइक वहां छोड़कर गए हैं। इसके बावजूद परिजनों ने नहर की निगरानी रखनी शुरू कर दी।
बृहस्पतिवार सुबह करीब सात बजे सूरेवाला (राजस्थान) हेड पर प्रेमी जोड़े का शव उतरता हुआ देखा गया।
इसकी सूचना चौटाला पुलिस को दी गई। शवों को बाहर निकाला गया तो इनकी पहचान चौटाला के प्रेमी जोड़े के रूप में मिली।
चौटाला पुलिस ने शवों को कब्जे में करके पोस्टमार्टम के लिए टिब्बी (राजस्थान) के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया। चौटाल चौकी प्रभारी मंगल सिंह ने बताया कि धारा 174 के तहत इत्तफाकिया मौत की कार्रवाई करते हुए शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है।
साथ-साथ जलीं दोनों की चिताएं
दो प्रेमी जब नहर में कूदे उन्होंने एक-दूसरे का हाथ पकड़ा हुआ था। दोनों के शव निकाले गए तो बाजू चुनरी से बंधी मिली।
राजस्थान के टिब्बी के सरकारी अस्पताल में दोनों का एक साथ पोस्टमार्टम हुआ। शवों को गांव लाया गया। गांव के रामबाग में दोनों की चिता भी एक साथ जली।
चौटाला पुलिस ने दोनों पक्षों के पांच-पांच लोगों को बुलाया। सभी लोगों ने कहा कि दोनों में प्रेम संबंध था। लोकलाज के चलते दोनों ने जान दी है।
चौटाला के रामबाग में पहले किशोरी के शव को लाया गया। उसकी चिता को अग्नि दी गई। इसी दौरान युवक के शव को लाया गया। परिजनों ने किशोरी की चिता के साथ ही उसके प्रेमी की चिता सजाई।