छत्तीसगढ़ में अस्पताल में छात्रा से गैंगरेप का मामला अभी थमा भी नहीं था कि खिलाड़ी और कोच का सीसीटीवी फुटेज सामने आने से हड़कंप मच गया। यह वीडियो नेशनल कैडेट-सब जूनियर टेबल टेनिस प्रतियोगिता के दौरान का है जो कि आंध्रप्रदेश के राजामुंदरी में आयोजित हुई थी।
मामला सामने आने के बाद भारतीय टेबिल टेनिस संघ ने फुटेज में दिख रहे कोच और खिलाड़ियों को आगामी नेशनल गेम्स से बाहर कर दिया है। यही नहीं, इस घटना से आहत होकर संघ के महासचिव ने इस्तीफा दे दिया है।
हालांकि, इस सब से इतर, छत्तीसगढ़ टेबल टेनिस के अध्यक्ष शरद शुक्ला ने ऐसा बयान दिया है जो बवाल मचा देने वाला है।
पीएम मोदी की वेबसाइट पर डाला वीडियो
शरद शुक्ला ने कहा कि बाहर खेलने जाने के दौरान खिलाडियों और कोच के बीच थोड़ी-बहुत मौज मस्ती होती रहती है। इसे तूल नहीं देना चाहिए। हालांकि जब उनसे सवाल किया गया कि कोच के बंद कमरे से देर रात लड़कियों को निकलते देखा गया है तो उन्होंने कुछ भी बोलने से मना कर दिया।
बता दें कि इस वीडियो को एक डॉक्टर ने सार्वजनिक किया था। कहा जा रहा है कि डॉक्टर ने यह वीडियो प्रधानमंत्री की वेबसाइट पर भी डाला था।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 20 से 31 के बीच का है, जब टीम आंध्र प्रदेश के राममुंदरी में 76वीं कैटेड नेशनल सब जूनियर प्रतियोगिता खेलने गई थी। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों की उम्र 12 से 14 साल के बीच है, जबकि 20 वर्षीय कोच टेबल टेनिस का नेशनल प्लेयर है।
होटल में ठहरी थी पूरी टीम
जानकारी के मुताबिक, प्रतियोगिता के दौरान पूरी टीम एक होटल में ठहरी थी। होटल में ही रात करीब 1.30 बजे कोच के कमरे से लड़की निकली।
होटल में चला पूरा घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हालांकि, पूरा मामला तब सामने आया जब एक खिलाड़ी ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी।
वीडियो सामने आने के बाद डॉक्टर के खिलाफ कोच और खिलाड़ियों के परिजनों ने शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में एक लड़की के पिता का कहना है कि साथी खिलाड़ी की तबियत खराब होने के कारण उनकी बेटी कोच को जगाने के लिए गई थी, इसी दौरान तस्वीर कैमरे में कैद हो गई।