गोंडा के छपिया थाना क्षेत्र के करमा गांव में जमीन की रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने बसपा कार्यकर्ता की सोते समय गला काटकर हत्या कर दी है। घटना के विरोध में रविवार सुबह मनकापुर-बभनान मार्ग के करमा चौराहे पर ग्रामीणों ने रास्ता जाम करने का प्रयास किया।
इस बीच गौरा विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रभारी प्रभात वर्मा समेत अन्य पार्टी नेताओं ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस पर वे शांत हो गए। इस मामले में छपिया थाने में सपा नेता समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। छपिया थाना क्षेत्र के करमा गांव के मजरा कुर्मी पुरवा का रहने वाले जिलेदार ने बताया कि उसका बड़ा भाई फौजदार वर्मा (36) गांव में ही बभनान मसकनवां मार्ग पर आटा चक्की चलाता था।
फौजदार का इसी गांव के रहने वाले राम अदालत से एक बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार देर रात परिवार के सभी लोग सो गए थे। फौजदार वर्मा घर के बाहर बरामदे में सो रहा था। तभी देर रात करीब 11 बजे राम अदालत ने अपने दो साथियों के संग बांका व लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
उन्होंने फौजदार को मारपीट कर तख्त से जमीन पर गिरा दिया और बांके से गला काटकर हत्या कर दी। चीख-पुकार सुनकर पति को बचाने दौड़ी शुभावती (33) पर भी हमलावरों ने प्रहार करने का प्रयास किया।