इटली के जिनोआ शहर में पुलिस के एक सिनेमाहॉल की जाँच के बाद पता चला कि वहाँ वेश्यालय की तरह गतिविधियाँ चल रही थीं। जाँच के बाद पुलिस ने इस सिनेमाहॉल को बंद करा दिया है।
पुलिस का कहना है कि जिनोआ के सैन विंसेंज़ो में ब्रिग्नोले रेलवे स्टेशन के पास सिनेमा सेंट्राले थिएटर में एक फ़िल्म टिकट से कम क़ीमत पर अनैतिक गतिविधि का अड्डा चल रहा था।
सैन विंसेंज़ो को शहर के रेड लाइट एरिया के तौर पर भी जाना जाता है।
स्थानीय समाचार पत्र 'ला रिपब्लिका' में कहा गया है कि समलैंगिक, ट्रांससेक्सुअल, लड़के, नौजवान और औरतें सिनेमाहॉल की सीट पर, टॉयलेट में, रिसेप्शन के पास और यहाँ तक कि प्रोजेक्शन रूम तक में आपस में 'मशगूल' थे।
माना जाता है कि साल 1958 में वेश्यालयों पर रोक के बाद से इटली में यौनकर्मियों को सड़कों पर अपना ठिकाना बनाना पड़ा।
छापेमारी
नतीजतन इटली में यौनकर्मियों को कई बार बंद पड़े सिनेमा हॉलों की तरफ रुख करना पड़ता है।
सरकारी अधिकारी भी कई बार इस तरह की वेश्यावृत्ति को नजरअंदाज़ करते देखे जाते हैं।
लेकिन मिलान के अभियोजन कार्यालय ने इस महीने उत्तरी इटली के सिनेमाघरों में छापे मारने का आदेश दिया है। उसका मानना है कि कई सिनेमाघरों का वेश्यालय के तौर पर खुलेआम इस्तेमाल हो रहा है।
वेश्यावृत्ति को बढ़ावा देने के संदेह में जाँच कर्ता सेंट्राले सिनेमा हॉल के दो प्रबंधकों और 17 अन्य लोगों की भूमिका की भी जाँच कर रहे हैं।