इलाहाबाद के लूकरगंज के रहने वाले ऋषभ के खिलाफ बलात्कार का मुकदमा दर्ज कराने वाली सलोरी की युवती के खिलाफ ब्लैक मेलिंग, धोखाधड़ी समेत कई संगीन धाराओं में खुल्दाबाद थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।
युवती रेप का मुकदमा दर्ज कराने से पहले दो अलग-अलग नंबरों से युवक की मां को फोन कर रुपये की मांग का रही थी। मां ने एसएसपी मंजिल सैनी से शिकायत की तो जांच शुरू हुई। पुलिस ने कॉल डिटेल रिकार्ड को खंगाला तो काफी गड़बड़ी पकड़ में आई।
युवती जिन दो नंबरों का इस्तेमाल कर रही थी, उससे ऋषभ की मां को कई बार फोन किया गया था। दोनों सिम फर्जी आईडी पर खरीदे गए हैं।
कॉल डिटेल से सामने आई हकीकत
युवती जिन नंबरों का इस्तेमाल कर रही है, उनमें से एक को कौशांबी और दूसरे को अंबेडकरनगर के पते पर खरीदा गया था। कौशांबी का नंबर चायल के श्याम लाल के नाम से खरीदा गया था।
पुलिस जब श्याम लाल के पास पहुंची तो उसने सिम खरीदने की बात से अनभिज्ञता जताई। श्यामलाल ने उसके नाम से मोबाइल का इस्तेमाल करने वाले के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तहरीर भी दे दी।
दोनों नंबरों का कॉल डिटेल रिकार्ड भी निकलवाया गया तो पूरी हकीकत सामने आ गई। दोनों नंबरों से ऋषभ की मां के पास कई फोन आए थे। खुल्दाबाद पुलिस ने जांच रिपोर्ट आला अफसरों को भेज दी।
पति से रहती है अलग वह युवती
ऋषभ की मां ने आरटीआई के जरिए भी कई जानकारियां हासिल की थीं। इसी आधार पर बृहस्पतिवार को युवती के खिलाफ रिपोर्ट लिख ली गई। युवती ने जिस नंबर से ऋषभ को फोन किया था, उसका जिक्र उसने एफआईआर में भी किया था।
वह युवती अपने पति से अलग रहती है। उसकी शादी गोविंदपुर के रहने वाले एक शख्स से हुई है। वह हरदोई में टीचर है। कुछ दिन वह अपने मां-बाप के साथ रही लेकिन उन्होंने भी उससे पीछा छुड़ा लिया।
पिता उसे हर महीने तीन हजार तथा पति दो हजार रुपये देता है। युवती ने ऋषभ पर आरोप लगाया था कि उसने नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसे बुलाया और नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश करने के बाद रेप किया। उसने पिछले महीने ही मुकदमा दर्ज कराया था।