पति ने पत्नी को मारने और उसे हादसे का रूप देने की पूरी कोशिश की थी लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। हरियाणा के फतेहाबाद में देर रात पति ने पत्नी को नशीली दवा दी और उसे सुला दिया, रात दो बजे उसके बेड में आग लगा दी।
जब महिला आग से झुलसी तो उसे होश आया और वह चिल्लाते हुए वहां से भागी। आग और शोर सुन मकान मालिक ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच झुलसी महिला को अस्पताल भेजा और मायके वालों को सूचना दी।
अस्पताल में पुलिस ने युवती के ड्यूटी मजिस्ट्रेट सोनिका गोयल के सामने बयान कराए हैं जिसमें उसने पति पर दहेज मांगने के साथ गंभीर आरोप लगाए हैं।
अस्पताल में इलाज करा रही निशा पत्नी पंकज उर्फ सोनू ने बताया कि सोमवार रात को उसका पति दहेज की मांग को लेकर पहले तो उसके साथ मारपीट करता रहा। फिर उसने नशीला पदार्थ दे दिया।
जब वह सो गई तो उसने बेड को आग लगा दी। जब बेड पर आग ज्यादा फैली और उसके कपड़ों में आग लगी तो उसे होश आया और वह नीचे की ओर भाग आई और मकान मालिक ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर झुलसी विवाहिता को सामान्य अस्पताल पहुंचाया और लड़की के मायके गंगानगर में इसकी सूचना दी।