एटीएम में हथियारबंद व्यक्ति के हमले में बुरी तरह घायल हुई महिला के शरीर के दाहिने हिस्से को लकवा मार गया है। जिस एटीएम में हमला हुआ, वहां पर कोई सुरक्षाकर्मी नहीं था।
इस बीच पुलिस ने भी हमलावर की तलाश तेजी से करनी शुरू कर दी है। हमलावर की यह अमानवीय करतूत एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी।
बीजीएस ग्लोबल अस्पताल के डॉ. एनके वेंकटरमन ने इस 38 वर्षीय बैंक अधिकारी का ऑपरेशन किया है। उनका कहना है महिला की हालत में अब सुधार है और वह अब बोल पा रही है।
डॉ. वेंकटरमन ने बताया कि महिला के सिर में फ्रेक्चर था और हड्डी का एक छोटा टुकड़ा उसके दिमाग में चला गया, जिससे उन्हें दिमागी चोट आई है। उसके शरीर के दाहिनी ओर के हिस्से को भी लकवा मार गया है।
डॉक्टर ने बताया, ‘हमारी ओर से सभी तरह के एहतियात बरते जा रहे हैं, और उम्मीद है कि सब कुछ ठीक रहेगा। वह अब बोल पा रही है। अब उसकी जान को कोई खतरा नहीं है।’
पुलिस कमिश्नर राघवेंद्र औरादकर महिला को देखने अस्पताल गए थे और उन्होंने भी बताया कि अब उसकी हालत बेहतर है। उन्होंने बताया कि हमलावर की तलाश में विभिन्न जिलों व राज्यों में पुलिस टीम को भेजा गया है। उन्हें अंदेशा है कि हमलावर ने ऐसा पहली बार नहीं किया है।
कमिश्नर ने बताया कि पुलिस बैंक अधिकारियों के साथ एटीएम की सुरक्षा के मुद्दे पर दो बार बैठक कर चुकी है और उन्हें कड़े दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
शहर में पुलिस स्टेशन के करीब एटीएम में मंगलवार को हुए इस भयावह हमले में व्यक्ति ने महिला के सिर पर कई वार किए। करीब तीन घंटे तक महिला खून में लथपथ एटीएम में पड़ी रही, बाद में दो स्कूली बच्चों ने खून देखकर पुलिस को जानकारी दी।
सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि हमलावर महिला का पीछा कर रहा था और महिला के एटीएम में घुसने के साथ ही उसने शटर गिरा दिया। जब महिला ने एटीएम से पैसा निकालने से इनकार कर दिया, तो उसने महिला पर हमला कर दिया।