दक्षिण दिल्ली के सरोजनी नगर में 13 वर्षीय घर में काम करने वाली लड़की को छोटी-छोटी गलतियों पर बेरहमी से पीटा जाता था। पीड़ित लड़की ने शिकायत में कहा है कि आरोपी मालकिन एयर होस्टेस (23 वर्ष) छोटी-छोटी गलती पर उसे बेल्ट से मारती थी। एयर होस्टेस का नाम थांबी है और फिलहाल वह ऑस्ट्रेलिया गई है और पुलिस उसके लौटने का इंतजार कर रही है।
सरोजनी नगर थाना पुलिस ने मंगलवार को नौकरानी को चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (सीडब्ल्यूसी) में पेश किया, जहां से उसे प्रयास संस्था में भेज दिया गया। सरोजनी नगर पुलिस ने एयर होस्टेस के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस आरोपी के भारत लौटने का इंतजार कर रही है।
मणिपुर की रहने वाली है पीड़िता
दक्षिणी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नाबालिग ने आरोप लगाया है कि एयर होस्टेस थांबी उसे बेल्ट से मारती थी और पूरी रात सोने नहीं देती थी। वह रात में देर से घर पहुंचती थी और फिर पूरी रात काम करवाती थी। उसने यह भी कहा कि थांबी उसे घर से बाहर घूमने के लिए नहीं जाने देती थी। वह उसे मणिपुर में परिजनों से बात भी नहीं करने देती थी। वह दो वर्ष से यहां काम कर रही है लेकिन उसे कभी पैसे भी नहीं दिए।
पीड़ित लड़की ने बताया कि एयर होस्टेस करीब तीन दिन पहले घर में उसे बंद कर नौकरी पर चली गई थी। सोमवार शाम को वह किसी तरह दरवाजे पर लगा ताला तोड़कर बाहर निकली और पीसीओ बूथ से फोन कर पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार पीड़ित लड़की के हाथ और चेहरे पर चोटों के निशान हैं। हालांकि, ये काफी पुरानी हैं। एयर होस्टेस भी मणिपुर की रहने वाली है। पीड़ित लड़की की मां मणिपुर में आरोपी के घर में काम करती है। सरोजनी नगर के नेताजी नगर में एयर होस्टेस रह रही है, जो उसके किसी रिश्तेदार का मकान है।
पड़ोसियों को नहीं है जानकारी
पुलिस के अनुसार एयर होस्टेस द्वारा पीड़ित लड़की पर अत्याचार करने की पड़ोसियों को जानकारी नहीं है। पीड़ित लड़की को यह नहीं पता है कि थांबी क्या नौकरी करती है। पड़ोसियों से पूछने पर पता चला कि वह एयर होस्टेस है। पड़ोसी इतना जरूर बताते हैं कि वहां से चिल्लाने की आवाज सुनाई देती थी।