मेरठ के कंकरखेड़ा में महिला को दुष्कर्म के बाद निर्वस्त्र घुमाने के मामले में नया खुलासा हुआ है। पीड़ित महिला ने आरोपी को अवैध शराब बेचने और सट्टेबाजी करने से रोका था। इसी बात से नाराज आरोपी ने पहले जमकर शराब पी और फिर हैवानियत पर उतर आया।
उधर, पीड़ित महिला के कोर्ट में बयान दर्ज कराए गए। पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। पीड़ित महिला के बेटे ने बताया कि आरोपी छग्गन सिंह दबंग है। अवैध शराब का कारोबार और सट्टा उसका पेशा है। जिसका उसकी मां विरोध करती थी।
मोहल्ले की महिलाओं ने बताया कि घटना वाले दिन महिला ने छग्गन को चेतावनी दी थी कि वह अवैध शराब बेचना और सट्टेबाजी बंद नहीं करेगा तो पुलिस में शिकायत करेगी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने पहले शराब पी और फिर शराब के नशे में पीड़ित महिला के घर पहुंच गया।
आरोपी ने उसके घर में घुसकर उसकी मां से दुष्कर्म किया। दबंगई दिखाते हुए महिला को मोहल्ले में निर्वस्त्र करके घुमाया। आरोपी की दबंगई के सामने पूरा मोहल्ला खामोश बना रहा। महिलाओं ने बताया कि आरोपी के जाने के बाद उन्होंने उसे पहनने के लिये कपड़े दिए थे।