बेटी की इज्जत बचाने की खातिर शहीद होने वाले फौजी को पुलिस चार दिन बाद भी न्याय नहीं दिला पाई। इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने वाले पांच आरोपियों को टीपी नगर पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
विगत शुक्रवार को ही गिरफ्तार तीन आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। पुलिस दावा कर रही है कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
गौरतलब है कि टीपी नगर थाना क्षेत्र के गोलाबड़ इलाके में बृहस्पतिवार शाम मनचलों ने एक डेयरी व्यापारी की बेटी से छेड़छाड़ कर दी थी।
तीन आरोपियों को भेजा जेल
इस दौरान व्यापारी का करीबी रिश्तेदार फौजी वेदमित्र चौधरी (33) पुत्र
तेजपाल सिंह भी डेयरी पर दूध लेने आया हुआ था। वेदमित्र सेना की 416
इंजीनियर ब्रिगेड में तैनात थे।
वेदमित्र व्यापारी की बेटी की इज्जत बचाने
के लिए अकेले ही एक दर्जन से ज्यादा मनचलों से भिड़ते हुए शहीद हो गए थे।
वेदमित्र मूल रूप से शामली के टिटौली गांव के निवासी थे।
विगत शुक्रवार को
उनका अंतिम संस्कार सैन्य सम्मान के साथ गांव के ही श्मशान घाट पर किया गया
था।
जल्द होगी गिरफ्तारी
इस संबंध में पुलिस ने गोलाबड़ निवासी आकाश सैनी, सतीश सैनी,
छविंद्र के खिलाफ नामजद जबकि पांच अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मारपीट,
हत्या का प्रयास, हत्या और छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी।
हत्यारोपी आकाश, सतीश और संजू को शुक्रवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।
जिन्हें कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। एसओ टीपी नगर प्रशांत कपिल का
कहना है कि छविंद्र समेत सभी अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा
रही है। गिरफ्तारी जल्द होगी।