सहारनपुर में दो मामलों में आरोपी एक शख्स ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर ही हमला बोल दिया और जब इससे भी बात नहीं बनी तो अपना सिर फोड़ लिया।
आरोपी ने गिरफ्तार करने गए दो सिपाहियों पर मिट्टी का तेल डालकर उन्हें जलाने का प्रयास किया। बाद में उसने अपने ऊपर भी केरोसिन छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया।
इसमें विफल रहने पर उसने ईंट मारकर अपना सिर फोड़ लिया। पुलिस ने कड़ी मशकक्त के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया।
मामला सदर थाना क्षेत्र के खलासी लाइन का है। पुलिस के अनुसार वहां रहने वाले विकास त्यागी के खिलाफ दो मामलों में वारंट थे।
सिपाही इसम सिंह और अनिल त्यागी ने बृहस्पतिवार रात उसके घर दबिश दी। इस पर उसने दोनों सिपाहियों पर मिट्टी तेल फेंककर उन्हें जलाने का प्रयास किया। इससे दोनों सिपाही भी अवाक रह गए। किसी तरह उन्होंने खुद को बचाया।
इसके बाद विकास ने अपने ऊपर भी तेल छिड़क कर आत्मदाह का प्रयास किया लेकिन सिपाहियों ने इसे विफल कर दिया। बाद में उसने ईंट मारकर अपना सिर फोड़ लिया।
गिरफ्तारी से बचने के लिए वह घर से बाहर भाग निकला। अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से उसे पकड़ लिया गया। इस दौरान लोगों की भीड़ लग गई।
इंस्पेक्टर सदर अजय चौहान ने बताया कि आरोपी विकास त्यागी के खिलाफ धारा 307, 309 और 323 आदि धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।