उत्तर प्रदेश के मैलानी (लखीमपुर खीरी) में दो दिन पहले संदिग्ध हालत में अपने घर पर फांसी के फंदे पर लटकी पाई गई युवती की मां के सनसनीखेज आरोपों के बाद पुलिस ने रविवार को देर रात उसका शव कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
मृतक युवती की मां का कहना है कि उसकी बेटी ने आत्महत्या नहीं की वरन उसकी बड़ी बेटी के पति ने घरवालों की गैरमौजूदगी में उसके साथ बलात्कार कर उसकी हत्या की है। पुलिस ने मृतका के आरोपी बहनोई और उसके पिता को भी हिरासत में ले लिया है।
मोहल्ला कुकरा में रहने वाले हशमुद्दीन की पत्नी बानो ने शाम करीब पांच बजे पुलिस को तहरीर दी कि चार सितंबर की सुबह वह मंझली बेटी सोनम और 10 वर्षीय बेटे मोहम्मद समीर को घर पर छोड़कर दवा लेने गई थी।
करीब साढ़े 11 बजे उसकी बड़ी बेटी का पति मोहम्मद सलमान उसके घर पहुंच गया। सलमान ने उसके बेटे समीर को बहाने से कुछ सामान लाने के लिए घर से बाहर भेज दिया और सोनम के साथ बलात्कार करने के बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।