फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झूठी शान की खातिर बेटी सहित प्रेमी का कत्ल

Sun, 06 Apr 2014 03:24 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, इलाहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
मऊआइमा इलाके के वाजिदपुर गांव में प्रेमी युगल की हत्या के मामले में पुलिस ने प्रेमिका के पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन


उसकी निशानदेही पर प्रेमी के कत्ल में इस्तेमाल गमछा बरामद कर लिया गया है।

दोहरे हत्याकांड में पुलिस को उसके तीन बेटों की तलाश है। शनिवार को एसएसपी और एसपी गंगापार के साथ आईजी जोन ने मौके पर जाकर मुआयना किया। गांव वालों से बात की और पकड़े गए आरोपी से भी घटना के बारे में पूछताछ की।

क्या हत्या की कहानी?

वाजिदपुर गांव में बृहस्पतिवार को राजू भारतीय (25) की हत्या कर दी गई थी। थरवई में सारंगापुर गांव निवासी कुट्टू भारतीय के पुत्र राजू का प्रेम संबंध वाजिदपुर में रहने वाले जगदीश यादव की बेटी शीला से था।

राजू अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। आरोप है कि शीला के परिजनों ने उसे पीटने के बाद गला दबाकर मार डाला। शुक्रवार को पुलिस ने शीला के पिता जगदीश और तीन भाइयों के खिलाफ मुकदमा लिखकर जांच शुरू की।

मऊआइमा थाने की पुलिस ने राजू के कत्ल में शनिवार सुबह शीला के पिता जगदीश यादव को बांका जलालपुर नहर पुलिया के पास गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर वह गमछा बरामद कर लिया जिससे राजू की गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी।

कातिलों की तलाश में पुलिस

अब पुलिस को शीला के तीन भाइयों नान बाबा, बच्चूलाल और बिंदू यादव की तलाश है। शीला की मां समेत तीनों भाई भी तीन दिन से मकान में ताला लगाकर फरार हैं।

शनिवार दोपहर आईजी एलवी एंटोनी देव कुमार ने एसएसपी मंजिल सैनी, एसपी गंगापार शफीक अहमद, सीओ सोरांव डॉ.रामयश के साथ वाजिदपुर जाकर घटना के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

घटना के बाद पुलिस की सख्ती से घबराकर गांव के तमाम परिवारों के पुरुष घर छोड़कर भाग गए हैं। आईजी और एसएसपी ने मऊआइमा थाने में जगदीश से भी घटना के बारे में बात की।

पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

आईजी ने भी यही माना कि शीला को भी बृहस्पतिवार दोपहर राजू की हत्या के बाद ही मारकर कुएं में फेंक दिया गया होगा।

हालांकि गिरफ्तार पिता जगदीश यही कहता रहा कि शीला रात में किसी वक्त घर से निकलकर खुद कुएं में कूद गई थी। उन लोगों ने बेटी को नहीं मारा।

इस घटना में पुलिस ने गांव के चौकीदार से अर्जी लेकर रिपोर्ट लिखी है। पुलिस का कहना है कि शीला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अगली कार्रवाई होगी।

‘इज्जत धूल में मिली, तो मार डाला’

आरोपी जगदीश यादव के चेहरे पर अफसोस के भाव नहीं दिखे। उसने बेधड़क कबूला कि राजू को उसने मारा है। जगदीश ने कहा कि इस प्रेम प्रसंग से उसके परिवार की इज्जत धूल में मिल गई।

गांव और समाज में बदनामी हो रही थी। बृहस्पतिवार को राजू घर के पास दिखा तो उसे पकड़कर पहले धमकाया गया कि आइंदा उसकी बेटी से मिलने की कोशिश मत करना। मगर उसने कहा कि वह मिलता रहेगा।

इस पर गुस्से में गमछा से उसका गला घोंट दिया जिससे उसकी मौत हो गई। फिर लाश घर से दूर ले जाकर फेंक दी। हालांकि जगदीश ने बेटी शीला को मारने की बात से इनकार किया।
विज्ञापन

शीला को भी गला घोंटकर मारा था

शनिवार को पोस्टमार्टम होने पर शीला के पिता जगदीश का झूठ बेनकाब हो गया। उसने कहा कि शीला खुद कुएं में कूद गई थी लेकिन शव के पोस्टमार्टम से साफ हो गया कि उसे गला घोंटकर मारा गया था।

उसके गले की हड्डी टूटी थी। शीला के कपड़ों से दो फोटो मिली जिसमें वह अपने प्रेमी राजू के साथ है। पोस्टमार्टम के दौरान गांव के चौकीदार और शीला का दूर का रिश्तेदार ही मौजूद था। वही शव ले गए।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें