यूपी के मुरादाबाद के मझोला इलाके में छह साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घिनौनी वारदात सामने आई है। घटना के वक्त बच्ची मानपुर नारायणपुर मोहल्ले में घर के बाहर अपने भाई के साथ खेल रही थी। वहां पहुंचे एक युवक ने बच्ची के भाई को थप्पड़ मारा और बच्ची को उठा ले गया। रेप करने के बाद उसे लावारिस हालत में छोड़कर फरार हो गया।
देर रात बच्ची ट्रांसपोर्ट नगर में खून से लथपथ और लावारिस हालत में पुलिस लैपर्ड को मिली। बच्ची के मिलने की सूचना पर इंस्पेक्टर मझोला समेत तमाम पुलिस वाले मौके पर पहुंचे और पीड़ित बच्ची को उसके मां बाप के सुपुर्द करके मामला दबा दिया गया।
घटना एसएसपी के कानों तक पहुंची तो गुरुवार दोपहर में केस दर्ज किया गया। उधर बच्ची को नाजुक हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मूल रूप से मूंढापांडे थाना क्षेत्र के एक गांव का रहने वाला प्राइवेट ड्राइवर परिवार के साथ मझोला के जयंतीपुर चौकी क्षेत्र में मानपुर नारायनपुर मोहल्ले में रहता है। ड्राइवर की छह वर्षीय बेटी एलकेजी में पढ़ती है।
परिजनों ने बताया कि बुधवार शाम करीब साढ़े छह बच्चे बच्ची अपने बड़े भाई के साथ घर से बाहर सड़क पर खेल रही थी। तभी वहां एक युवक पहुंचा और बच्ची को उठाकर ले जाने लगा। आठ वर्षीय भाई ने विरोध किया तो युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया।