फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बाल सुधार गृह में हंगामा, आग लगाई और 33 कैदी फरार

Mon, 07 Oct 2013 08:41 AM IST
अमर उजाला, दिल्ली
विज्ञापन
विज्ञापन
दिल्ली के मुखर्जी नगर स्थित बाल सुधार गृह (सेवा कुटीर) में शनिवार रात बाल कैदियों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान 33 बाल कैदी भाग गए। उनमें से 14 को पुलिस ने रविवार सुबह दबोच लिया।
विज्ञापन


वहीं, हंगामे के दौरान बाल कैदियों ने रिकार्ड रूम और रसोई में आग लगा दी। आग लगने से रसोई में रखे एक सिलेंडर में विस्फोट हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल कर्मियों पर पथराव भी किया गया।

बताया जा रहा है कि हंगामा करने वाले बाल कैदियों में वही कैदी शामिल थे, जिन्हें मजनूं का टीला स्थित बाल सुधार गृह में हंगामा करने पर हाल ही में यहां भेजा गया था।
विज्ञापन


हंगामा
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात साढ़े आठ बजे बाल कैदियों के हंगामा करने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को सुधार गृह के प्रशासन ने अंदर जाने से मना कर दिया। इधर, पुलिस के आने की जानकारी मिलने के बाद बाल कैदी और उग्र हो गए।

उन्होंने पहले एक गद्दे को आग के हवाले कर दिया। इसके बाद रिकार्ड रूम और रसोई में आग लगा दी। आग से कुछ देर बाद ही रसोई में रखे सिलेंडर में धमाका हो गया। दमकल की एक गाड़ी भी वहां पहुंची और बाहर से ही आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

इसके बाद बाल कैदी एक सिलेंडर पहली मंजिल पर ले गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। हंगामा बढ़ते देख पुलिस ने फिर अंदर जाने की इजाजत मांगी, लेकिन बाल सुधार गृह प्रशासन ने उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।

इसी बीच 33 बाल कैदी पीछे की दीवार फांदकर फरार हो गए। हंगामा रविवार सुबह तक चलता रहा। पुलिस ने आसपास की कॉलोनियों से 14 कैदियों को दबोच लिया।

भागने के लिए करते हैं हंगामा
पुलिस का कहना है कि भागने की साजिश को सफल करने के लिए बाल कैदी किसी भी मांग को लेकर हंगामा शुरू कर देते हैं। शनिवार रात बाल कैदी नशे के सामान की मांग कर रहे थे। मजनूं का टीला में बाल कैदियों ने खाना ठीक नहीं मिलने की बात पर हंगामा किया था।

पुलिस उपायुक्त एन जी सम्बंधन का कहना है कि मुखर्जी नगर पुलिस को सेवा कुटीर में हंगामे के बाद 33 बाल कैदियों के भागने की सूचना मिली थी। पुलिस ने आसपास के कॉलोनियों से 14 को दबोचकर सेवा कुटीर के अधिकारियों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस फरार अन्य बाल कैदियों की तलाश कर रही है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें