ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज फिलिप ह्यूज सिडनी में एक मैच के दौरान सिर में लगे बाउंसर की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। ह्यूज ने साल 2009 से 2013 के बीच 26 टेस्ट मैच खेले हैं। शेफील्ड शील्ड के एक मैच के दौरान दक्षिण ऑस्ट्रेलिया के लिए खेल रहे ह्यूज़ के हेलमेट पर, न्यू साउथ वेल्स के गेंदबाज शॉन एबॉट की गेंद जोर से जा लगी। चोट लगने के बाद ह्यूज अपने घुटने पकड़कर नीचे बैठ गए और उसके बाद वो मुंह के बल पिच पर गिर पड़े।
ह्यूज को स्ट्रेचर पर उठाकर मैदान से बाहर ले जाया गया। उसके बाद उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी सर्जरी हुई है। ह्यूज ने साथी खिलाड़ी एस्टन एगर के साथ मिलकर 2013 में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ दसवें विकेट के लिए रिकॉर्ड 163 रनों की साझेदारी की थी। उन्होंने पिछले महीने संयुक्त अरब अमीरात में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ एकदिवसीय मैच खेला था।
उनके मैदान पर गिरते ही विपक्षी खिलाड़ियों और अंपायरों ने उन्हें घेर ले लिया और उनकी स्थिति को देखते हुए तुरंत मेडिकल मदद मांगी। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट एसोसिएशन के जनरल मैनेजर टिम नील्सन ने कहा, "उनकी सर्जरी का नतीजा 24-48 घंटे में पता चलेगा। हम उम्मीद करते हैं कि उनके परिवार और मित्रों की निजता का ख्याल रखा जाएगा।"
माना जा रहा था कि उन्हें चार दिसंबर से शुरू हो रहे भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच में टीम में शामिल किया जा सकता था। ऑस्ट्रेलिया के कोच डैरेन लीमैन ने ट्विटर पर लिखा, "हमारी भावनाएँ और प्रार्थनाएं फिल और उनके परिवार के साथ हैं। वो एक महान योद्धा हैं और महान नौजवान हैं।" सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में चल रहे द शेफील्ड शील्ड श्रृंखला के इस मैच को रद्द कर दिया गया है।