चैंपियंस लीग ट्वंटी-20 टूर्नामेंट के मुख्य राउंड का आगाज शनिवार से हो रहा है जिसके दूसरे मुकाबले में आईपीएल-5 चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स से भिड़ेगी। दोनों टीमों में कई दिग्गज सितारों की मौजूदगी से इस मुकाबले के जोरदार होने की पूरी संभावना है। दिल्ली के लिए अच्छी बात यह है कि उसके विस्फोटक ओपनर वीरेंद्र सहवाग फिटनेस टेस्ट पास कर कोलकाता से दो-दो हाथ करने को तैयार हैं। सहवाग ने आईपीएल-5 में पांच अर्धशतकों की मदद से 495 रन बनाए थे।
दिल्ली की कमान श्रीलंकाई बल्लेबाज महेला जयवर्धने के हाथों में है जो हाल में वर्ल्ड कप में अपनी टीम को फाइनल में ले गए थे। इसके अलावा इंग्लैंड के धुरंधर बल्लेबाज केविन पीटरसन और डेविड वार्नर, रोस टेलर और उन्मुक्त चंद की मौजूदगी से उसकी बल्लेबाजी काफी मजबूत दिख रही है। गेंदबाजी में दक्षिण अफ्रीका के मोर्ने मोर्कल, इरफान पठान, वरुण आरोन, अजित आगरकर और उमेश यादव के रूप में महेला के पास कई विकल्प मौजूद हैं।
दूसरी ओर कोलकाता के पास गंभीर, ब्रैंडन मैककुलम, जाक कालिस, मानविंदर बिस्ला, मनोज तिवारी और यूसुफ पठान के रूप में कई विस्फोटक बल्लेबाज हैं जो किसी भी गेंदबाजी क्रम की धज्जियां उड़ा सकते हैं। बांग्लादेश के आलराउंडर साकिब अल हसन टीम के लिए दोनों विभागों में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
गेंदबाजी में कोलकाता के पास कैरिबियाई स्पिनर सुनील नारायन हैं जिन्होंने आईपीएल-5 में 24 शिकार किए थे और हाल ही में टी-20 वर्ल्ड कप में वेस्ट इंडीज की जीत में अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा लक्ष्मीपति बालाजी और ब्रेट ली की मौजूदगी से कोलकाता की गेंदबाजी मजबूत दिख रही है।