विस्फोटक बल्लेबाजी शैली के चलते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अलग पहचान रखने के वाले वीरेंद्र सहवाग फिलहाल भारत के वनडे और टी20 टीम से बाहर कर दिए गए हैं। इसके साथ ही अटकलें तेज हो गई है कि क्या सहवाग अब सीमित ओवरों वाले मैचों में भारत की ओर से नहीं खेल पाएंगे।
टीम इंडिया के लिए तुरुप का इक्का माने जाने वाले सहवाग पिछले दो साल से खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। पिछले साल वनडे मैचों में इस दिग्गज बल्लेबाज ने महज 21 के औसत से रन बनाए हैं, जिसमें केवल एक अर्द्घशतकीय पारी है। हालिया मैचों में उनका फुटवर्क काफी खराब रहा है। साथ ही आखिरी क्षण तक गेंद को देखकर तेज प्रहार करने वाले वीरू के शॉट्स में आलसीपन झलकता है।
क्षेत्ररक्षण के दौरान भी 34 वर्षीय सहवाग काफी स्लो दिखते हैं। उनके आउट होने के तरीके पर कई पूर्व क्रिकेटर सवाल उठा चुके हैं। दिग्गज सुनील गावस्कर कह चुके हैं कि सहवाग पहले जैसे मैच फिट खिलाड़ी नहीं रहे हैं। हालांकि पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली को सहवाग के दोबारा वनडे टीम में लौटने का विश्ववास है। ऐसे में क्या सहवाग को दोबारा वनडे या टी20 टीम में शामिल किया जाना चाहिए?