अगले महीने से शुरू हो रही भारत-पाकिस्तान क्रिकेट सीरीज के लिए सरकार ने रिकॉर्ड तीन हजार पाक प्रशंसकों को वीजा जारी करने का फैसला लिया है। गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार ऐसा पहली बार है जब भारत एक से ज्यादा शहरों के लिए वीजा देने पर सहमत हुआ है। हालांकि पाक नागरिकों को मैच की टिकट, यात्रा टिकट और होटल रिजर्वेशन पर्ची दिखानी होगी।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक इस फैसले की जानकारी पाकिस्तान को दे दी गई है। 3 हजार में से एक हजार वीजा नई दिल्ली में होने वाले मैच के लिए जारी किए जाएंगे जबकि बंगलूरू, अहमदाबाद, चेन्नई और कोलकाता के लिए प्रति मैच 500 वीजा जारी किए जाएंगे। अगले महीने 25 दिसंबर से पाकिस्तान तीन वनडे और दो टी-20 मैचों की सीरीज खेलने के लिए भारत आएगा।
सीरीज के मैच बंगलूरू, अहमदाबाद, चेन्नई, कोलकाता और नई दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे। हालांकि कोई भी पाकिस्तानी क्रिकेट प्रशंसक पैदल वाघा बॉर्डर के जरिए भारत की सीमा में प्रवेश नहीं कर सकेगा। उन्हें बस, ट्रेन या हवाई जहाज से ही यात्रा करने की अनुमति होगी। गृह मंत्रालय और सुरक्षा एजेंसियों की उच्च स्तरीय विशेष समिति की बैठकों के बाद यह फैसला लिया गया।
सूत्रों ने बताया कि वीजा जारी करने से पहले काफी सतर्कता बरती जाएगी क्योंकि पहले ऐसे मामले देखने को मिले हैं जब पाकिस्तानी नागरिक क्रिकेट खेलने के बहाने भारत आए और उसके बाद गायब हो गए। नवंबर-दिसंबर 2007 में भारत-पाक सीरीज के दौरान 12 पाकिस्तानी क्रिकेट मैच देखने भारत आए थे, लेकिन अब तक उनका कोई पता नहीं है। 26/11 हमले की साजिश में शामिल पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी डेविड हेडली ने भी खुलासा किया था कि लश्कर ए तैयबा के कई आतंकवादियों ने क्रिकेट मैच को भारत में घुसने का जरिया बनाया था।