श्रीलंका में चल रहे टी-20 वर्ल्ड कप रविवार को समाप्त हो जाएगा और इसके 48 घंटे बाद दक्षिण अफ्रीका में चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट का क्वालीफाइंग दौर शुरू हो जाएगा। टी-20 मैचों के लगातार आयोजन से इसके ओवरडोज को लेकर चैंपियंस लीग के प्रभावित होने की आशंका अभी से व्यक्त की जाने लगी है।
वर्ल्ड कप की टीमों ने टूर्नामेंट के शुरू होने से पहले कई अभ्यास मैच खेले। कुल मिलाकर रविवार तक 43 मैच खेले जा चुके होंगे और अक्तूबर की समाप्ति तक सात सप्ताह के अंदर यह संख्या 72 पहुंच जाएगी। टी-20 के इसी ओवरडोज को लेकर खिलाड़ियों में थकान और दर्शकों में चैंपियंस लीग को लेकर उदासीनता की आशंका व्यक्त की जा रही है।