अजहर महमूद के आलराउंड प्रदर्शन के दम पर ऑकलैंड ने इंग्लिश काउंटी टीम हैंपशायर को आसानी से हराकर चैंपियंस लीग टी-20 टूर्नामेंट के मुख्य राउंड में प्रवेश कर लिया।
टूर्नामेंट के पूल एक के मैच में ऑकलैंड ने हैंपशायर को आठ विकेट से रौंदकर लगातार अपनी दूसरी जीत दर्ज की। ऑकलैंड को जीत के लिए 122 रन का लक्ष्य मिला था जिसे उसने 14.3 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल हासिल कर लिया। ऑकलैंड ने इससे पहले पाकिस्तानी टीम सियालकोट स्टैलियंस को शिकस्त दी थी। सियालकोट स्टैलियंस और हैंपशायर की टीमें टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं।
महमूद ने हैंपशायर के गेंदबाजों की धुनाई करते हुए मात्र 31 गेंदों में पांच चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 55 रन बनाए जबकि ओपनर मार्टिन गुप्टिल ने 31 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों के सहारे 38 रन बनाए। ऑकलैंड ने टास जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया।
ओपनर माइकल कारबेरी (65) को छोड़कर हैंपशायर का कोई भी बल्लेबाज किवी गेंदबाजों के सामने टिकने की हिम्मत नहीं जुटा सका और टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 121 रन ही बना सकी। कारबेरी ने 65 गेंदों में आठ चौकों और एक छक्के की मदद से 65 रन बनाए। शाहिद आफरीदी खाता भी नहीं खोल सके। ऑकलैंड की ओर से महमूद ने मात्र 24 रन देकर पांच विकेट चटकाए जबकि रूनी हीरा ने दो और माइकल बेट्स ने एक विकेट लिया।
यार्कशायर भी मुख्य ड्रा में पहुंचा
सेंचुरियन। गैरी बैलेंस और आदिल राशिद की बेहतरीन पारी से यार्कशायर ने भी त्रिनिदाद एंड टोबैगो को छह विकेट से हराकर मुख्य ड्रा में प्रवेश कर लिया। त्रिनिदाद एंड टोबैगो ने नौ विकेट पर 148 रन बनाए जिसे यार्कशायर ने बैलेंस के 37 गेंदों पर दो चौके और छह छक्के की मदद से बनाए गए नाबाद 64 और राशिद के 27 गेंदों में तीन चौके और एक छक्के की मदद से बनाए गए 33 रन की मदद से आसानी से पार कर लिया।
दोनों ने पांचवें विकेट के लिए 10.2 ओवर में 103 रन जोड़े। इसके साथ ही त्रिनिदाद एंड टोबैगो तथा युवा नेक्स्ट का अभियान समाप्त हो गया। टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी टीएंडडी की शुरुआत खराब रही और आठ रन पर ही उसके तीन विकेट गिर गए लेकिन डेरेन ब्रावो ने 45 और दीनेश रामदीन ने 59 रन की पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया।