जिला पंचायत अध्यक्ष प्रकाश जोशी ने विभागीय अधिकारियों के साथ विकासखंड विण के दूरस्थ इलाके सेेरा, राड़ीखूंटी, खड़कू भल्या, उपरतोला क्षेत्र का भ्रमण कर जनसमस्याओं का जायजा लिया।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने राजकीय प्राथमिक स्कूल उपरतोला में जनता की समस्याओं को सुना। ग्रामीणों ने सड़क की दशा सुधारने के साथ ही पानी, शिक्षा संबंधी समस्याओं उठाईं। लोगों ने लगातार मामला उठाने के बाद भी बिजली के खराब पोलों को न बदलने का मामला उठाया। बिजली के बिल जमा करने में होने वाली दिक्कत से उन्हें अवगत कराया। लोगों ने पेंशन संबंधी दिक्कतों कोे भी उठाया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने बिजली और समाज कल्याण विभाग को 19 फरवरी को इलाके में शिविर लगाकर बिजली के पोल बदलने और गांव में ही बिजली के बिल जमा करने के निर्देश दिए। कहा कि शिविर में समाज कल्याण विभाग विकलांग, विधवा आदि पेंशन से संबंधित मामलों को सुलझाएगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने लोनिवि के अधिकारियों को सड़क की दशा सुधारने और पेयजल महकमों के अधिकारियों से पानी की दिक्कतों को दूर करने के निर्देश दिए। जोशी ने रास्ते मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए जिला पंचायत से धन उपलब्ध कराने का भरोसा लोगों को दिलाया। भ्रमण में तिलक चंद्र जोशी, मुकेश पंत, भुवन पांडे, लक्ष्मण सिंह बोरा, प्रेम पुनेड़ा, खड़क सिंह वल्दिया, विजय खत्री, दीपक लुंठी, ऋषेंद्र महर, कुंडल महर, प्रधान नीला देवी, आनी राम, गोविंद प्रसाद, मोहन राम, जगमोहन चंद, भूपाल चंद आदि मौजूद थे।