चीन में 16वीं एशियन नौकायन चैंपियनशिप में तिरंगा लहराने के बाद अब बिलासपुर के विक्रम का टारगेट ओलंपिक है। इसके लिए उन्होंने तैयारी शुरू कर दी है। विक्रम का चयन ओलंपिक क्वालीफाई मुकाबले के लिए भारतीय टीम में हो गया है।
विक्रम दिसंबर में हैदराबाद में लगने वाले इंडिया कैंप में पसीना बहाएंगे। यदि ओलंपिक के लिए विक्रम का चयन हुआ तो नौकायन में हिमाचल प्रदेश के पहले ओलंपिक खिलाड़ी बनेंगे। चीन में दमदार प्रदर्शन करने के बाद विक्रम मार्च-अप्रैल माह में एशिया के देशों के बीच होने वाले क्वालीफाई राउंड में इंडिया की ओर से खेलेंगे।
यहां से बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद टीम इंडिया का ओलंपिक के लिए टिकट कटेगा। विक्रम ने अमर उजाला से बातचीत में बताया कि क्वालीफाई राउंड के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। नौकायन में उन्हें कोच इस्माइल बेग ने निखारा है। उनका लक्ष्य ओलंपिक में टीम के लिए मेडल जीतना है।