राजधानी शिमला के कान्वेंट ऑफ जीजस एंड मेरी चैल्सी स्कूल की छात्रा ऊर्जा कंवर (11वीं कक्षा) और गौरी शर्मा (10वीं कक्षा) ने नार्थ जोन की आरबीआई क्विज में पहला स्थान हासिल किया है। इन दोनों छात्राओं का चयन अब राष्ट्रीय स्तर के मुंबई में 12 दिसंबर को होने वाले मुकाबले के लिए हुआ है।
ऊर्जा कंवर ने बीते साल आरबीआई क्विज में राष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा लिया था। इस बार ऊर्जा और गौरी शर्मा दोनों का चयन होने से स्कूल में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्य सिस्टर शायमा जोश ने दोनों छात्राओं की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है।
इन दोनों छात्राओं ने प्रदेश स्तर की बीते माह आकलैंड हाउस स्कूल में प्रश्नोत्तरी में पहला स्थान पाया था। इसके बाद तीन नवंबर को नई दिल्ली में इस्लामिक कल्चर सेंटर में हुई नार्थ जोन के स्क्रीनिंग टेस्ट में शामिल हुई 17 टीमों में से छह टॉप की टीमों के साथ स्पर्धा की। इसमें चैल्सी स्कूल की टीम को नार्थ जोन से राष्ट्रीय स्तर पर प्रश्नोत्तरी में भाग लेने के लिए चुना।
अब टीम मुंबई में दिसंबर माह में नार्थ जोन का प्रतिनिधित्व करेगी। ऊर्जा कंवर और गौरी का कहना है कि यह अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने और अपने स्कूल अपने प्रदेश का नाम ऊंचा करने का एक स्वर्णिम अवसर है।