शादी का क्रेज तो सबको होता है पर शादी के बाद पति का क्रेडिट कार्ड अपना हो जाएगा यह क्रेज कम ही दिखता है। स्टार प्लस के धारावाहिक निशा और उसकी कजिन के मैरिज सीक्वेंस में ऐसा क्रेज डाली में दिखेगा।
डाली यानी पूर्वी मुंदड़ा, जिनकी आने वाले धारावाहिक में शादी होने वाली है। पूर्वी मुंदड़ा इस सीरियल के प्रमोशन के लिए चंडीगढ़ के होटल पार्क प्लाजा में पहुंचीं।
पुणे की पूर्वी ने कहा कि डाली का कैरेक्टर उनके दिल के नजदीक है। आने वाले एपीसोड में दिखाई देगा कि डाली शापिंग की क्रेजी है। उसको नया क्रेडिट कार्ड आता है तो वह खुश होती है।
उन्होंने बताया कि शादी होने पर यह खुशी भी है कि पति का क्रेडिट कार्ड उनका हो जाएगा। पूर्वी का यह पहला सीरियल है। इसके पहले उन्होंने कामर्शियल एड में काम किया है।
पुणे की सबसे युवा कोरियोग्राफर
पूर्वी ने कहा कि एक्ट्रेस बनाने की चाहत में उन्होंने पांच साल की उम्र से डांस सीखना शुरू कर दिया था। उन्होंने छोटी उम्र में शास्त्रीय नृत्य का प्रशिक्षण लिया। इसके बाद बॉलीवुड और वेस्टर्न डांस सीखा।
उन्होंने कहा कि कई बार शास्त्रीय नृत्य प्रतियोगिता में इनाम जीते। 14 साल की उम्र में ही पुणे में डांस अकादमी खोल दी। इस अकादमी में चार हजार बच्चे डांस सीखते हैं। इससे पहले पूर्वी कई विज्ञापन में काम कर चुकी हैं।
अभिनेत्री माधुरी दीक्षित हैं आदर्श
पूर्वी ने कहा कि माधुरी दीक्षित उनकी आदर्श हैं। उन्होंने बचपन से माधुरी दीक्षित के गीतों पर खूब डांस किया। उन्होंने कहा कि वह माधुरी का हर स्टेप फॉलो करती रही हैं। उन्होंने कहा कि उनकी दिली तमन्ना है कि कम से कम एक बार माधुरी के साथ डांस करें।
फिल्म का भी मिला था ऑफर
पूर्वी ने कहा कि वह कई कामर्शियल एड कर चुकी हैं। उन्होंने एक्टिंग के लिए कई ऑडिशन दिए। उनको एक फिल्म में काम करने का मौका मिला। इस टीम में नए चेहरे थे।
फिल्म शुरू नहीं हुई और बोधी ड्रीम प्रोडक्शन ने उनको निशा और उसकी काजिन का आफर दे दिया। इसमें डाली का कैरेक्टर इतना जबरदस्त लगा कि फिल्म छोड़कर सीरियल में काम करने लगीं।