बेशक अभी उम्र बहुत छोटी है और एक पिता की भूमिका निभाना मुश्किल। फिर भी एक लड़की के पिता का किरदार निभाना गर्व की बात समझता हूं। यह कहना है टीवी एक्टर आदित्य रेडिज का। आदित्य शुक्रवार दोपहर सेक्टर-17 के एक होटल में अपने आने वाले सीरियल ‘बंधन’ के प्रमोशन के लिए पहुंचे।
आदित्य ने कहा कि यह सीरियल सितंबर महीने से जी टीवी पर प्रसारित किया जाएगा। यह एक हाथी और इंसान के प्यार का बंधन है। इसमें वे एक वन अधिकारी की भूमिका में नजर आएंगे। इसकी शूटिंग गुजरात के जंगलों में हुई है।
उन्होंने बताया कि सीरियल में वे अपने परिवार के साथ रहते हैं जिसमें उनकी पत्नी और छह साल की बेटी दर्पण है। दर्पण परिवार की लाड़ली है और वह चाहती है कि एक भाई भी हो।
लेकिन कुछ ऐसे हालात होते हैं कि वे उसकी यह इच्छा पूरी नहीं कर पाते। इसी घटनाक्रम में दर्पण एक हाथी के बच्चे को अपना भाई मान लेती है जिसे बाद में आदित्य अपना लेता है।
गर्मी में लेदर जैकेट:
आदित्य ने कहा कि शूटिंग के दौरान बहुत मुश्किलें आईं। जंगल में काफी गर्मी थी और लेदर जैकेट पहन कर शूट करना बेहद मुश्किल। एक हाथी के साथ तो और भी मुश्किल। उन्होंने बताया कि शूटिंग के दौरान हाथी के मूड को देखना होता था।
दोस्त की सलाह ने बदल दी जिंदगी:
आदित्य ने कहा कि सीरियल में आने से पहले वे एक चैनल में वीडियो एडिटर थे। एक दिन उनके दोस्त ने कहा कि इतना अच्छा चेहरा होते हुए वह एडिटिंग में क्या कर रहा है। इसके बाद आदित्य ने मॉडलिंग की दुनिया में कदम रखा और दो साल दुबई फैशन वीक करने के बाद उन्हें एक्टिंग में चांस मिला।