महावीर जयंती पर राजकीय अवकाश के कारण मां श्री पूर्णागिरि धाम में बृहस्पतिवार को दर्शनार्थियों की खासी भीड़ उमड़ी। करीब 35 हजार से ज्यादा भक्तों ने देवी मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। पड़ोसी देश नेपाल से भी बड़ी तादात में श्रद्धालु देवी के दर्शन को पहुंच रहे हैं। एसडीएम सदर चंपावत नरेश दुर्गापाल ने दौरा कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
होली से शुरू हुए मां पूर्णागिरि मेले में हर दिन श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम लगातार बना हुआ है। नवरात्र के नौ दिनों में जहां लाखोें श्रद्धालुओं ने देवी के दर्शन किए, वहीं दूर दराज से देवी मां के दर्शन को अब भी यात्री हर दिन बड़ी तादाद में पहुंच रहे हैं। देश के कोने-कोने से आ रहे यात्रियों के अलावा इन दिनों पड़ोसी देश नेपाल से भी यात्री बड़ी संख्या में दर्शन को आ रहे हैं। एसडीएम सदर ने काली मंदिर क्षेत्र तक दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सहायक मेला मजिस्ट्रेट तहसीलदार हरी राम ने बताया कि बीते 24 घंटे में करीब 35 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं।