प्रदेश में स्वाइन फ्लू के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए हिंदू जागरण मंच ने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के साथ ही स्वाइन फ्लू पर प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम के पुख्ता इंतजाम करने की मांग को लेकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। मुख्य चिकित्साधिकारी का घेराव किया।
हिंजामं के जिलाध्यक्ष सोनम पांडेय के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने कलक्ट्रेट में नारेबाजी करने के साथ ही स्वाइन फ्लू पर रोकथाम की मंग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। बाद में इन लोगों ने मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय पहुंचकर सीएमओ डीके श्रीवास्तव का घेराव करते हुए स्वाइन फ्लू के मद्देनजर अलग से बेहतर वार्ड की व्यवस्था न करने पर नाराजगी जताई।
इन लोगों ने कहा कि अस्पतालों में स्वाइन फ्लू से निपटने के पूरे इंतजाम किए जाने चाहिए। कहा कि स्वास्थ्य महकमे की लापरवाही से प्रदेश में स्वाइन प्लू से लोगों की जान जा रही है। सरकार को इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। प्रदर्शन, घेराव में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष जगदीश पांडेय, रवि पांडेय, हिंजामं नगर अध्यक्ष मयूर नागी, तहसील अध्यक्ष हरीश कुमार, नगर उपाध्यक्ष महेश जोशी, सुरेश बजरंगी, लीलाधर जोशी, प्रशांत त्रिपाठी आदि शामिल थे।