पंजाब यूनिवर्सिटी में बिलासपुर की रहने वाली सुरभि ने बीएससी ऑनर माइक्रो-बॉयोलॉजी में पहला स्थान झटका है। इस उपलब्धि के लिए उन्हें गोल्ड मेडल से नवाजा गया। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता रजनी गुप्ता और पिता नरेंद्र गुप्ता को दिया। भाई साहिल को अपना प्रेरणास्रोत बताया। शहर के मेन मार्केट की सुरभि वर्तमान में चंडीगढ़ पंजाब विश्वविद्यालय में इसी विषय में एमएससी कर रही हैं।
आईएएस परीक्षा में बैठने को अच्छे संस्थान में कोचिंग लेने के अलावा सुरभि का इरादा पीएचडी करना है। उनकी शिक्षा डीएवी स्कूल बिलासपुर में हुई है। शुरू से ही वह पढ़ाई में अव्वल रही हैं। हर कक्षा में उन्होंने 80 प्रतिशत से अधिक नंबर प्राप्त किए हैं। अनौपचारिक भेंट में सुरभि ने बताया कि जमाना बदल गया है, बदलते वक्त के साथ लड़कियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महिला सशक्तिकरण की योजना से वह प्रभावित हैं। आधी आबादी को समाज की मुख्य धारा में लाकर ही देश का भविष्य उज्ज्वल हो सकता है। सुरभि के माता-पिता के अनुसार लड़कियों को उच्च शिक्षा देनी चाहिए, हर माता-पिता का यह कर्त्तव्य है। लड़कियों को किसी से कम नहीं समझा जाना चाहिए। वह आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं।