समायोजन रद्द होने से निराश शिक्षामित्रों का धरना-प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। इस दौरान संयुक्त सक्रिय शिक्षक शिक्षामित्र समिति ने बीएसए का उनके कार्यालय में घेराव कर प्रदर्शन किया, वहीं प्राथमिक शिक्षामित्र संघ और आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिशन ने गांधी भवन में सभा करने के बाद सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन दिया।
संयुक्त सक्रिय शिक्षक शिक्षामित्र समिति की जिलाध्यक्ष पूजा सिंह के नेतृत्व में शिक्षामित्रों ने जीआईसी मैदान में धरना देकर बीएसए कार्यालय में प्रदर्शन किया और बीएसए राकेश कुमार का घेराव कर सरकार विरोधी नारेबाजी की। घेराव करने वालों में महामंत्री दिवाकर मिश्रा, विनोद कुमार सिंह, सोनिका गुप्ता, धर्मेंद्र सिंह, विनीता, ज्ञानेंद्र, सर्वेश, गुरविंदर, वैशाली, अनुपम लता, ललित यादव, नरेंद्र सिंह, सत्येंद्र सिंह, आलोक, वलविंदर सिंह, अनीता आदि शामिल रहे।
इधर, आदर्श समायोजित शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन और प्राथमिक शिक्षामित्र संघ ने संयुक्त रूप से गांधी भवन में सभा कर न्याय दिलाने की मांग सरकार से की। वहीं, संघ के जिलाध्यक्ष रत्नाकर दीक्षित और प्रदेश प्रभारी श्याम लाल यादव लखनऊ पहुंच गए और वहां प्रांतीय नेतृत्व के संपर्क में बने हुए हैं। सभा में रामपूत पाल, सिकंदर खां, संतोष शुक्ला, अनुज पांडेय, संदीप सक्सेना, विक्रांत मिश्रा, नीरज यादव, भुवनेश्वर सिंह, योगेश सिंह, कृष्ण कुमार वर्मा, वेद वर्मा, राजीव यादव समेत सैकड़ों शिक्षामित्र शामिल रहे।