विद्यालयों की स्थिति का निरीक्षण करने के लिए कांट ब्लाक के कई परिषदीय
स्कूलों का बीएसए राजेश कुमार वर्मा ने 27 नवंबर को निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश विद्यालयों में मिड डे मील और यूनिफार्म का
वितरण गुणवत्तापूर्ण नहीं मिला। इस पर बीएसए ने सभी प्रधानाध्यापकों को
यूनिफार्म सही करवाकर वितरित करने और मिड डे मील भी मेन्यू और मानक के
अनुसार देने के निर्देश दिए थे, अन्यथा की स्थिति में कार्रवाई करने की
चेतावनी भी थी।
बीएसए जब प्राथमिक विद्यालय कुर्रियाकलां में 02:50 बजे
निरीक्षण करने के लिए पहुंचे तो उन्हें विद्यालय बंद मिला। इस पर बीएसए ने
स्टॉफ कर्मियों का मानदेय और वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। जूनियर
विद्यालय कुर्रिया कलां में नामांकित 102 छात्रों के सापेक्ष 30 की
उपस्थिति दर्शाई गई, जबकि मौके पर मात्र नौ छात्र-छात्राएं ही मौजूद मिले।
प्राइमरी स्कूल कुर्रिया बैहरी में 94 के सापेक्ष 45 बच्चे उपस्थिति मिले,
यूनिफार्म की गुणवत्ता सही नहीं मिली।
प्राइमरी स्कूल इमलिया में
नामांकित 193 बच्चों के सापेक्ष 68 बच्चे ही मौजूद मिले, जबकि स्कूल में
बाउंड्रीवॉल का निर्माण गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं हो रहा था। साथ ही
एमडीएम और यूनिफार्म भी गुणवत्तापूर्ण तरीके से नहीं वितरित हुआ। उच्च
प्राथमिक विद्यालय इमलिया कांट में 88 के सापेक्ष 40 बच्चे मिले। यहां भी
एमडीएम और यूनिफार्म वितरण में खामी पाई गई।
वहीं, प्राथमिक विद्यालय
बांसखेड़ा में 154 छात्रों के सापेक्ष 50, प्राइमरी स्कूल सिकरहन में
नामांकित 97 के सापेक्ष 23 और प्राथमिक विद्यालय रामखेड़ा में 115 के
सापेक्ष 88 बच्चे मौजूद मिले। इन स्कूलों में भी मिड डे मील का वितरण मानक
के अनुरूप होता हुआ नहीं मिला। साथ ही यूनिफार्म की गुणवत्ता भी सही मिली।